टरुबा: भारतीय क्रिकेट टीम ने मंगलवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में 200 रन के अंतर से जीत दर्ज करके सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। टीम इंडिया ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 351 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद विंडीज की टीम को 35.3 ओवर में 151 रन पर ढेर कर दिया।
भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरा वनडे
तोड़ा इंग्लैंड का 6 साल पुराना रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने विंडीज को उसके ही घर पर 200 रन के अंतर से पटखनी देकर इंग्लैंड क्रिकेट टीम का रिकॉर्ड तोड़ दिया। टीम इंडिया विंडीज को उसकी ही सरजमीं पर वनडे में सबसे बड़े अंतर से मात देने वाली टीम बन गई है। इससे पहले ये रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम दर्ज था। इयोन मोर्गन की कप्तानी वाली इंग्लैंड की टीम ने वेस्टइंडीज को 186 रन के अंतर से पटखनी दी थी। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने साल 2008 में 169 रन के अंतर से हराया था।
टीम इंडिया ने खड़ा किया था 351 रन का विशाल स्कोर
सीरीज के दूसरे वनडे में हार का सामना करने के बाद भारतीय टीम ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के बगैर खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। भारत को ईशान किशन और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 143 रन की साझेदारी की। ईशान लगातार तीसरा अर्धशतक जड़कर आउट हुए। उन्होंने 77 रन बनाए। इसके बाद शुभमन गिल एक छोर थामे रहे। दूसरे छोर से उन्हें थोड़ी देर रुतुराज गायकवाड़ का और संजू सैमसन का साथ मिला। 244 के स्कोर पर गिल के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या ने मोर्चा संभाला और टीम को 351 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया।
शार्दुल और मुकेश ने चटकाए विकेट
गेंदबाजी में शार्दुल ठाकुर और मुकेश कुमार ने कहर बरपाते हुए वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को पिच पर पैर नहीं जमाने दिए। इसके बाद रही सही कसर कुलदीप यादव ने पूरी कर दी। शार्दुल ने 4, मुकेश ने 3 और कुलदीप ने 2 विकेट चटकाए। एक सफलता जयदेव उनादकट को मिली।
