IND vs ZIM 1st T20, Shreyas Iyer Post Match Statement: भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्बाब्वे की परिस्थितियों का फायदा उठाने के लिए अपने गेंदबाजों की तारीफ की और कहा कि तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में मेजबान जिम्बाब्वे पर मिली शानदार जीत से उनकी टीम को सीरीज के बाकी मुकाबलों के लिए जरूरी आत्मविश्वास मिलेगा। पहले गेंदबाजी करते हुए भारत ने जिम्बाब्वे को सात विकेट पर 125 रन पर रोकने के बाद 40 गेंद शेष रहते सात विकेट से आसान जीत दर्ज की।
श्रेयस अय्यर को कप्तान के रूप में मिली पहली टी20 जीत (Instagram/Indiancricketteam)
अय्यर ने इस प्रदर्शन को पूरी टीम की कोशिश बताया, हालांकि उन्होंने माना कि बल्लेबाजी पूरी तरह आसान नहीं थी। मैच के बाद अय्यर ने कहा, "मुझे लगता है कि लड़कों ने जबरदस्त खेल दिखाया। अपनी पहली जीत से मैं बहुत खुश हूं। गुड लेंथ से उछाल मिल रहा था और वह असमान था। मुझे लगा कि दोनों पारियों में ऐसा ही था। मयंक ने जो शुरुआत दी, वह बहुत अच्छी थी।" श्रेयस आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ अपनी कप्तानी में श्रृंखला गंवाने के बाद यहां आए थे।
कप्तान ने कहा कि इस शानदार शुरुआत से भारत को फायदा होगा क्योंकि इसी मैदान पर दो और मैच खेले जाने हैं। उन्होंने कहा, "हम यहां दो और मैच खेलने वाले हैं इसलिए आज के प्रदर्शन से सभी को कुछ आत्मविश्वास मिला है।"
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने की युवा वैभव सूर्यवंशी की तारीफ
श्रेयस अय्यर ने युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का भी समर्थन किया और कहा कि हालात की जानकारी होने से इस युवा खिलाड़ी को फायदा होगा। उन्होंने कहा, "वैभव यहां खेल चुके हैं। उन्होंने अंडर-19 विश्व कप फाइनल में 175 रन बनाए थे इसलिए उन्हें यहां के हालात का पता है।" भारत के 15 साल के बल्लेबाज सूर्यवंशी पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक बनाने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया। वैभव ने इस दौरान सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ा।
