IND vs WI 1st Test: वेस्टइंडीज दौरे पर गई टीम इंडिया (Team India) बुधवार से दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेलने जा रही है। ये मुकाबला डोमिनिका के विंडसर पार्क में खेला जाएगा। भारतीय टीम की अगुवाई रोहित शर्मा कर रहे हैं और वो इस समय एक चीज को लेकर काफी असमंजस में होंगे और वो है प्लेइंग-11 का चयन। उनके लिए जो सबसे बड़ी समस्या होगी, वो है विकेटकीपर का चयन। एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक इस बार केएस भरत (KS Bharat) नहीं बल्कि ये जिम्मेदारी किसी और को सौंपी जाएगी।
केएस भरत (AP)
भारत-वेस्टइंडीज पहले टेस्ट में कुछ खिलाड़ियों को फैंस डेब्यू करते देख सकते हैं। खबरों के मुताबिक आईपीएल व घरेलू क्रिकेट में धूम मचा चुके यशस्वी जायसवाल अब सफेद जर्सी में भारत का प्रतिनिधित्व करने उतरेंगे। उनके अलावा एक नाम और है जो इस मैच में पहली बार टेस्ट क्रिकेट खेलने उतर सकता है। ये खिलाड़ी हैं 24 वर्षीय भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज (Ishan Kishan)।
रिपोर्ट्स के मुताबिक केएस भरत की जगह पहले टेस्ट मैच में ईशान किशन को विकेट के पीछे की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। गौरतलब है कि केएस भरत ने इससे पहले चोटिल ऋषभ पंत की भरपाई करते हुए भारत-ऑस्ट्रेलिया बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के सभी मुकाबले खेले थे। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भी केएस भरत ही विकेटकीपर थे।
हालांकि अब टीम प्रबंधन ईशान किशन को भी टेस्ट में मौका देना चाहता है। भारत की तुलना में वेस्टइंडीज की टीम कमजोर है इसलिए कप्तान व कोच इस फैसले को लेने में हिचकिचाएंगे नहीं। ईशान किशन पहले ही वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर चुके हैं। अब बारी टेस्ट क्रिकेट की है। बताया जा रहा है कि केएस भरत ने विकेटकीपिंग तो अच्छी की थी लेकिन बल्ले से उनका फ्लॉप शो उनके बाहर होने की वजह बनेगी। 'इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि ईशान किशन को वेस्टइंडीज में फर्स्ट चॉइस विकेटकीपर के रूप में लाया गया है।
