IND vs WI Day 2 Highlights: डोमिनिका टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 2 विकेट के नुकसान पर 312 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली अब भी नाबाद हैं। यशस्वी जायसवाल 143 और विराट कोहली 36 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत ने वेस्टइंडीज की पहली पारी की तुलना में 162 रन की बढ़त हासिल कर ली है। इससे पहले भारत ने दूसरे दिन के खेल की शुरुआत बिना किसी नुकसान के 80 रन से आगे खेलना शुरू किया। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 229 रन जोड़े।
यशस्वी जायसवाल (साभार-AP)
भारत की पारी
भारत की तरफ से रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल के रुप में नई ओपनिंग जोड़ी ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए रिकॉर्डतोड़ 229 रन की साझेदारी की। इस दौरान दोनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने शतक पूरे किए। जायसवाल ने 215 गेंद पर अपनी सेंचुरी पूरी की तो रोहित ने 220 गेंद पर शतक जड़ा। वह शतक बनाने के अगली ही गेंद पर आउट हो गए। उन्हें अथानाजे ने 103 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। 3 नंबर पर बल्लेबाजी करने आए गिल केवल 6 रन ही बना पाए। उन्हें वारिकेन ने आउट किया।
इससे पहले भारत की शानदार गेंदबाजी की बदौलत कमजोर वेस्टइंडीज की टीम केवल 150 रन बनाकर ढेर हो गई थी। वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी का आलम ये रहा कि सर्वाधिक 47 रन की पारी डेब्यूटांट अथानाजे के बल्ले से निकली। इसके अलावा कप्तान क्रेग ब्रैथवेट ने 20 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा सभी ने निराश किया।
एक बार फिर चले अश्विन और जडेजा
हमेशा की तरह एक बार फिर रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा की जोड़ी ने भारत के लिए शानदार काम किया। अश्विन ने 5 तो रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट झटके। इस दौरान अश्विन ने अपने 700 अंतरराष्ट्रीय विकेट का आंकड़ा भी छुआ और इस उपलब्धि को हासिल करने वाले तीसरे भारतीय बने। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 33वीं बार 5 विकेट हासिल किया।
