IND vs SL Test: देवदत्त पडिक्कल की शानदार 167 रन की पारी के दम पर भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन 9 विकेट खोकर 460 रन बना लिए हैं। अब दूसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। पहले दिन जहां भारतीय बल्लेबाज छाए रहे, वहीं दूसरे दिन श्रीलंका के गेंदबाजों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारत को दबाव में रखा। बारिश से प्रभावित पहले टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को चाय तक भारत का स्कोर पांच विकेट पर 364 रन था। हालांकि, दिन का खेल समाप्त होते-होते श्रीलंका ने भारत के 4 और विकेट अपने नाम कर लिए।
भारत बनाम श्रीलंका दूसरे दिन का स्कोर (फोटो साभार-BCCI)
दूसरे दिन का खेल समाप्त
दूसरे दिन का खेल लगातार बारिश और मैदान गीला होने के कारण दोपहर 2:35 बजे शुरू हो सका। इस लंबे अंतराल का फायदा श्रीलंकाई गेंदबाजों को मिला और वे पहले दिन की तुलना में अधिक अनुशासित लाइन एवं लेंथ के साथ गेंदबाजी करते नजर आए। भारत ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 288 रन से की थी। पहले दिन के स्कोर 27 रन के स्कोर से आगे खेलने उतरे ऋषभ पंत आज क्रीज पर आने के बाद कुछ असहज दिखे। वह ऑफ स्पिनर केशरा नुवांथा के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए। नुवांथा ने भारत के आक्रमक बल्लेबाजों के खिलाफ फालाइटेड गेंद का अच्छा इस्तेमाल किया। ऐसी ही एक गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में पंत 39 रन बनाकर मिडऑफ पर सोनल दिनूषा को कैच दे बैठे।
पहले दिन ऐंठन के कारण 77 रन पर रिटायर हर्ट हुए केएल राहुल केवल चार रन जोड़कर नुवांथा की गेंद के टर्न और उछाल को समझने में नाकाम रहे और शॉर्ट लेग पर निशान मधुशंका को आसान कैच थमा दिया। महज 12 रन के भीतर पंत और राहुल जैसे दो बड़े विकेट हासिल करने से श्रीलंकाई गेंदबाजों का आत्मविश्वास बढ़ा, लेकिन वे पडिक्कल को परेशान नहीं कर सके। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पिछले दिन की तरह धैर्य और नियंत्रण के साथ बल्लेबाजी करते हुए मेजबान गेंदबाजों को बेअसर रखा। कर्नाटक के इस खिलाड़ी ने दिन की शुरुआत 131 रन से की थी। उन्होंने तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो की गेंद पर चौका लगाकर 215 गेंदों में 150 रन का आंकड़ा छुआ। पडिक्कल और ध्रुव जुरेल ने पांचवें विकेट के लिए 38 रन जोड़े।
प्रभात जयसूर्या ने लिए 4 विकेट
पडिक्कल को प्रभात जयसूर्या की गेंद पर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला ने स्टंप किया। पडिक्कल ने अपनी पारी में 230 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौके और एक छक्का लगाया। खेल का अंत होते-होते श्रीलंका ने भारत के 9 विकेट अपने नाम कर लिए। भारत की तरफ से पडिक्कल 167 रन, केएल राहुल 82 रन और ध्रुव जुरेल ने 51 रन बनाए। वहीं मानव सुथार ने भी 24 रनों का योगदान दिया। श्रीलंका की तरफ से प्रभात जयसूर्या ने सर्वाधिक 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं केशरा नुवांथा को 3 और आसिथा फर्नांडो को एक विकेट मिला।
