मुंबई: भारत ने श्रीलंका के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज का आगाज 2 रन के करीबी अंतर से जीत के साथ किया। श्रीलकाई टीम भारत द्वारा जीत के लिए दिए 163 रन के लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी और पूरी टीम 20 ओवर में 160 रन बनाकर ढेर हो गई। आखिरी ओवर में जीत के लिए श्रीलंका को 13 रन बनाने थे लेकिन अक्षर पटेल ने शानदार कसी हुई गेंदबाजी करके श्रीलंका को जीत की दहलीज पार करने से रोक दिया।
भारतीय क्रिकेट टीम( साभार AP)
अंत तक पिच पर टिके रहे चमिका करुणारत्ने श्रीलंका को जीत दिला पाने में नाकाम रहे। आखिरी ओवर में मेहमान टीम ने रन आउट के रूप में दो विकेट गंवा दिए। करुणारत्ने 23(16) रन बनाकर नाबाद रहे। डेब्यू मैच खेल रहे युवा तेज गेंदबाज शिवम मावी 22 रन देकर 4 विकेट झटके और मैच में सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
भारत ने खड़ा किया 162 रन का स्कोरटॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 162 रन का स्कोर खड़ा किया। भारतीय टीम शुरुआत में लगातार अंतराल में विकेट गंवाती रही लेकिन अंतिम ओवरों में दीपक हुड्डा और अक्षर पटेल ने 35 गेंद में नाबाद 68 रन की आतिशी साझेदारी करके स्कोर को 162 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। अंत में हुड्डा 23 गेंद में 41* और अक्षर पटेल 20 गेंद में 31* रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं ईशान किशन ने 37(29) और कप्तान हार्दिक पांड्या ने 29(27) रन बनाए।
