IND vs SL 1st ODI, Shubman Gill: भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे पहले वनडे मैच में गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की तरफ से उसकी सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दी। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के साथ टीम के युवा ओपनर शुभमन गिल ने भी शानदार पारी खेली और रोहित के साथ शतकीय साझेदारी को अंजाम दिया।
शुभमन गिल (AP)
मैच से पहले इस चीज को लेकर काफी चर्चा चल रही थी कि कुछ ही दिन पहले दोहरा शतक जड़ने वाले ईशान किशन को बाहर करके रोहित शर्मा ने शुभमन गिल को क्यों मौका दिया। इसके जवाब में शुभमन गिल ने अपने कप्तान के फैसले को सही साबित किया। गिल ने 51 गेंदों में अपने वनडे करियर का पांचवां अर्धशतक पूरा किया। गिल ने अपने पचासे तक पहुंचने के लिए 7 चौकों का सहारा लिया।
वो इसके बाद भी नहीं थमे और धुआंधार बल्लेबाजी करते रहे। हालांकि 20वें ओवर की चौथी गेंद पर दासुन शनाका ने गिल को LBW करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। गिल ने 60 गेंदों में 70 रनों की पारी खेली जिसमें 11 चौके शामिल रहे।
इस दौरान उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा के साथ बेहतरीन साझेदारी को भी अंजाम दिया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 143 रनों की पार्टनरशिप हुई। वहीं कुछ देर बाद रोहित शर्मा भी 83 रन के स्कोर पर मधुशंका की गेंद पर बोल्ड हो गए।
