IND U-19 vs PAK U-19: भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 टीमों के बीच आज जिंबाब्वे के बुलावायो में अंडर-19 विश्व कप 2026 के सुपर सिक्स राउंड में भिड़ंत होने जा रही है। दोनों चिरप्रतिद्वंदी टीमों के बीच विश्व कप के सेमीफाइनल की बाकी बची एक जगह दांव पर है। इंग्लैंड, अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी जगह सेमीफाइनल में पक्की कर चुकी हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाने वाला सुपर सिक्स राउंड का आखिरी मुकाबला चौथी और आखिरी जगह पक्की करेगा। ऐसे में आइए जानते हैं दोनों टीमों के लिए कैसे हैं सेमीफाइनल के समीकरण?
इंडिया अंडर-19 बनाम पाकिस्तान अंडर-19, विश्व कप सेमीफाइनल के समीकरण
पाकिस्तान को हासिल करना होगा 33.3 ओवर में 253 रन का लक्ष्य
भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ सुपर सिक्स राउंड के मुकाबले में 252 रन 49.5 ओवर में बना सकी। ऐसे में जीत के लिए पाकिस्तान को 253 रन का लक्ष्य मिला है। पाकिस्तान को सेमीफाइनल में एंट्री के लिए इस लक्ष्य को 33.3 ओवर में हासिल करना होगा। 34.3 ओवर में भी पाकिस्तानी टीम 252 के स्कोर पर छक्का जड़कर सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर सकती है। भारतीय टीम अगर 34 ओवर के बाद विजयी लक्ष्य को हासिल करती है तो वो विश्व कप से बाहर हो जाएगी।
ग्रुप 2 में दूसरे पायदान पर है भारत
भारतीय टीम इस मुकाबले में लगातार तीन मैच में जीत दर्ज करके पहुंची है। भारतीय टीम ने ग्रुप दौर में बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को मात दी थी। इसके बाद सुपर सिक्स राउंड में मेजबान जिंबाब्वे को बड़े अंतर से पटखनी देकर अपनी स्थिति अंक तालिका में 6 अंक और 3.337 के नेट रन रेट के साथ सुपर सिक्स के ग्रुप 2 में बेहद मजबूत कर ली। भारतीय टीम ग्रुप 2 में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले ही इंग्लैंड के बाद दूसरे पायदान पर है। वहीं पाकिस्तान की टीम तीन मैच में 2 जीत और चार अंक के साथ तीसरे स्थान पर काबिज है।
तीसरे स्थान पर है पाकिस्तान
पाकिस्तान को ग्रुप दौर में इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था जबकि जिंबाब्वे के खिलाफ उसे जीत मिली थी। सुपर सिक्स राउंड में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 विकेट के अंतर से जीत दर्ज की थी। उसका नेट रन रेट 1.484 का है। सेमीफाइनल में एंट्री के लिए उसे भारतीय टीम को बड़े अंतर से मात देनी होगी। तभी उसकी सेमीफाइनल में एंट्री हो सकेगी।
हारकर भी सेमीफाइनल में पहुंच सकता है भारत
भारतीय टीम अगर दुर्भाग्यवश पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले को करीबी अंतर से गंवा भी देती है तो भी उसकी सेमीफाइनल में एंट्री संभव है। तीन से ज्यादा का नेट रन रेट उसके लिए कवच का काम कर रहा है। ऐसे में ये मुकाबला पाकिस्तान के लिए करो या मरो वाला है। भारत के खिलाफ हार उसे शर्मशार तो करेगी ही साथ ही उसका अंडर-19 विश्व कप 2026 का अभियान भी सुपर सिक्स राउंड में ही थम जाएगा।
