IND vs ENG 4th Test Pitch Report In Hindi Today Match: पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में अब भारत और इंग्लैंड (India vs England) के बीच चौथे टेस्ट मैच की बारी है। चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर (Manchester) में खेला जाएगा। इस टेस्ट सीरीज में पहला टेस्ट मैच इंग्लैंड ने जीता था, जबकि दूसरा टेस्ट मैच भारत ने जीतकर बराबरी कर ली थी, हालांकि तीसरे टेस्ट मैच में लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड ने जोरदार वापसी करते हुए रोमांचक अंदाज में मैच जीता और सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। अब भारत को अगर सीरीज में बरकरार रहना है तो मैनचेस्टर टेस्ट जीतकर सीरीज बराबर करनी ही होगी, क्योंकि अगर इंग्लैंड जीती तो वो अजेय बढ़त हासिल करके ट्रॉफी पर कब्जा जमा लेगी। इंग्लैंड टेस्ट टीम की अगुवाई ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (Ben Stokes) कर रहे हैं, जबकि भारतीय टेस्ट टीम की कमान युवा कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) के हाथों में है। भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा और टॉस 3:00 बजे होगा।
भारत बनाम इंग्लैंड चौथे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट (Instagram/ShubmanGill/BenStokes)
आज से भारत और इंग्लैंड के बीच शुरू होने वाले चौथे टेस्ट मैच से पहले एक नजर डाल लेते हैं इन दोनों टीमों के स्वर्णिम टेस्ट इतिहास के कुछ दिलचस्प आंकड़ों पर। इन दोनों टीमों के बीच टेस्ट इतिहास में 139 मुकाबले खेले जा चुके हैं जिनमें इंग्लैंड ने 53 बार भारत को हराया है। जबकि भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को 36 टेस्ट मैचों में शिकस्त दी है। भारत और इंग्लैंड के बीच 50 टेस्ट मैच ड्रॉ हुए हैं। मौजूदा टेस्ट सीरीज इंग्लैंड की जमीन पर खेली जा रही है। यहां के आंकड़ों पर गौर करें तो भारत-इंग्लैंड के बीच इंग्लैंड की जमीन पर टेस्ट क्रिकेट इतिहास में 70 मुकाबले हो चुके हैं जिसमें इंग्लैंड का पलड़ा भारी रहा है। मेजबान इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने अपने घरेलू मैदानों पर भारत को 38 टेस्ट मैचों में हराया है। वहीं, टीम इंडिया अब तक इंग्लिश टीम को उसकी जमीन पर सिर्फ 10 टेस्ट मैचों में परास्त कर पाई है।
भारत बनाम इंग्लैंड चौथे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट (IND vs ENG 4th Test Pitch Report)
टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच आज से होने वाला सीरीज का चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर के प्रतिष्ठित ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड (Old Trafford Cricket Ground) पर होने जा रहा है। इस मैदान की पिच पर बल्लेबाजों को खूब फायदा मिलता आया है और इतिहास में यहां कई बड़े स्कोर बने हैं। इस ग्राउंड पर एक पारी में सर्वाधिक टेस्ट स्कोर ऑस्ट्रेलियाई टीम के नाम दर्ज है जब 1964 में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 8 विकेट के नुकसान पर 656 रन बनाकर पारी घोषित की थी। जबकि यहां इंग्लैंड ने सबसे बड़े लक्ष्य (294) को हासिल करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस मैदान पर गेंदबाजों में तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहा है। ये वही मैदान है जहां पर इंग्लैंड के पूर्व महान तेज गेंदबाज जिम लेकर ने एक पारी में 10 विकेट और एक मैच में 19 विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। ऐसे में यहां पर तेज गेंदबाजों से सभी बल्लेबाजों को संभलकर रहना होगा। आपको बता दें कि यहां पर न्यूनतम टेस्ट स्कोर भारत के नाम दर्ज है जब 1952 में इंग्लैंड के गेंदबाजों ने भारतीय पारी को 58 रन पर समेट दिया था। मैनचेस्टर में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 324 रन है। यहां अब तक खेले गए 85 टेस्ट मैचों में 33 मैच मेजबान टीम ने जीते हैं जबकि 15 मुकाबले उस टीम ने जीते हैं जो टूर पर है। वहीं एक मैच न्यूट्रल टीम ने अपने नाम किया है। मैनचेस्टर में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 32 बार जीत मिली है, जबकि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को 17 बार जीत हासिल हुई है।
मैनचेस्टर में खेले गए पिछले 5 टेस्ट मैचों के स्कोरकार्ड (Scorecards Of Last 5 Test Matches Played At Manchester)
| मैच की तारीख | दोनों टीमें | मुकाबले का स्कोरकार्ड | नतीजा |
| 24 जुलाई 2020 | इंग्लैंड-वेस्टइंडीज | इंग्लैंड- 369 और 226/2 dec, वेस्टइंडीज- 197 और 129 | इंग्लैंड 269 रन से जीता |
| 5 अगस्त 2020 | इंग्लैंड-पाकिस्तान | पाकिस्तान- 326 और 169, इंग्लैंड- 219 और 277/7 | इंग्लैंड 3 विकेट से जीता |
| 26 अगस्त 2022 | इंग्लैंड-दक्षिण अफ्रीका | दक्षिण अफ्रीका- 151 और 179, इंग्लैंड- 415/9 dec | इंग्लैंड पारी और 85 रन से जीता |
| 19 जुलाई 2023 | इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया | ऑस्ट्रेलिया- 317 और 214/5, इंग्लैंड- 592 | मैच ड्रॉ |
| 21 अगस्त 2024 | श्रीलंका-इंग्लैंड | श्रीलंका- 236 और 326, इंग्लैंड- 358 और 205/5 | इंग्लैंड 5 विकेट से जीता |
चौथे टेस्ट मैच में भारत और इंग्लैंड के इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In England vs India 4th Test)
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाले भारत-इंग्लैंड चौथे टेस्ट मैच में फैंस की नजरें कई खिलाड़ियों पर रहने वाली हैं। मेहमान टीम इंडिया की बात करें तो अब तक सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले कप्तान शुभमन गिल से सबको बहुत आस होगी। उनके अलावा यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal), जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah), ऋषभ पंत (Rishabh Pant), मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) और केएल राहुल (KL Rahul) पर नजरें टिकी रहेंगी। वहीं, मेजबान इंग्लैंड टेस्ट टीम की बात करें तो कप्तान स्टोक्स लय में आ चुके हैं, उनके साथ हैरी ब्रुक (Harry Brook), जो रूट (Joe Root), 8 साल बाद टीम में वापसी करने जा रहे ऑलराउंडर लियाम डॉसन (Liam Dawson), ब्रायडन कार्स (Brydon Carse), बेन डकट (Ben Duckett), जेमी स्मिथ (Jamie Smith), क्रिस वोक्स (Chris Woakes) और जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) से स्थानीय फैंस को उम्मीदें रहेंगी।
भारत और इंग्लैंड की टेस्ट टीमें (India And England Test Squads)
भारतीय टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नितीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अर्शदीप सिंह।
इंग्लैंड की प्लेइंग-11: बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (उप-कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रुक, मी स्मिथ (विकेट कीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर और लियाम डॉसन।
कैसा रहेगा अगले 5 दिन मैनचेस्टर का मौसम (Manchester Weather Forecast)
भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर में होना है जहां के मौसम की चर्चा हमेशा से ही होती रही है। इस बार भी मौसम खराब ही है। यहां पिछले एक हफ्ते से लगातार बारिश हो रही है और अगले कुछ दिनों तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। टेस्ट मैच का पहला दिन भी कुछ समय तक बारिश से प्रभावित रह सकता है। उमस भी यहां काफी रहने वाली है। मैनचेस्टर में अगले 5 दिन अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच बने रहने के आसार हैं, जबकि न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रह सकता है।
