दुबई: आईसीसी की बुधवार को जारी हुई ताजा टेस्ट रैंकिंग में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बदलाव हुए हैं। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच ओवल में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन का इनाम जो रूट और मैट हेनरी को मिला है। इंग्लैंड के कार्यवाहक कप्तान बल्लेबाजों की टेस्ट रैंकिंग में एक बार फिर पहले पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं मैच में 11 विकेट लेने वाले कीवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी जसप्रीत बुमराह के साथ गेंदबाजों में साझा रूप से पहले स्थान पर काबिज हो गए हैं।
जो रूट
12वीं बार बने दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज
रूट ने मैच की पहली पारी में 46 और दूसरी में 77 रन की पारी खेली। रूट मैच की दूसरी पारी के दौरान टेस्ट क्रिकेट इतिहास में 14 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। रूट करियर में 12वीं बार दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बने हैं। रूट इंग्लैंड के हैरी ब्रूक और ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड को पछाड़कर दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बने हैं। रूट और ब्रूक ने पिछले 18 महीने में एक दूसरे को 6 बार नंबर वन से हटाया है।
फिलिप्स, निकोल्स और रवींद्र को भी हुआ फायदा
ताजा रैंकिंग में शतकवीर ग्लेन फिलिप्स, हेनरी निकोल्स और अर्धशतक जड़ने वाले रचिन रवींद्र को भी फायदा हुआ है। फिलिप्स 8 स्थान के फायदे के साथ 31वें पायदान पर, निकोल्स 13 स्थान के फायदे के साथ 40वें स्थान पर पहुंच गए हैं। रचिन रवींद्र की टॉप-10 बल्लेबाजों में वापसी हो गई है। कगिसो रबाडा को नवंबर 2024 में पछाड़कर दुनिया के नंबर वन टेस्ट गेंदबाज बने जसप्रीत बुमराह गेंदबाजों में नंबर वन बने हुए हैं। उनकी बराबरी पर मैट हेनरी पहुंच गए हैं। जोफ्रा आर्चर 6 स्थान के फायदे के साथ 50वें और जैकब बैथेल 29 स्थान के फायदे के साथ 85वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'मैं कोई मूर्ख नहीं हूं'... सौरव गांगुली ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कोच ग्रेग चैपल पर किया नया खुलासा
वनडे में दुनिया के नंबर दो बैटर बने शुभमन गिल
वहीं वनडे रैंकिंग में भारत के कप्तान शुभमन गिल तीन स्थान के फायदे के साथ दुनिया के नंबर दो बल्लेबाज बन गए हैं। सीरीज में 238 रन बनाने के बाद वो प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शतक जड़ने के बाद भारत के बांए हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन 21 स्थान के फायदे के साथ 43वें और यशस्वी जायसवाल 84 साथ के फायदे के साथ 71वें स्थान पर पहुंच गए हैं। अफगानिस्तान के कप्तान हशमतउल्लाह शाहीदी को शतक जड़ने का फायदा मिला है और वो चार स्थान की छलांग लगाकर बल्लेबाजों में 52वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
प्रसिद्ध कृष्णा ने लगाई ऊंची छलांग
वनडे रैंकिंग में गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा को सीरीज के आखिरी मुकाबले में पांच विकेट झटकने का फायदा मिला है। कृष्णा 92 स्थान से सीधे 58वें स्थान पर पहुंच गए हैं। अर्शदीप सिंह 16 स्थान के फायदे के साथ 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने सीरीज में कुल 5 विकेट चटकाए। वहीं अफगानिस्तान के स्पिनर अल्लाह गजनफर तीन स्थान के साथ 71वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
