क्रिकेट

ICC Test Ranking: जसप्रीत बुमराह गेंदबाजों में टॉप पर बरकरार, कंगारू गेंदबाज ने लगाई 29 स्थान की छलांग

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में धमाल मचाने वाले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टेस्ट रैंकिंग में टॉप पर काबिज हैं। भारत के सिडनी टेस्ट में छक्के छुड़ाने वाले गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने 29 स्थान की छलांग लगाई है।

Image

जसप्रीत बुमराह

Photo : AP

दुबई: भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने बुधवार को जारी ताजा आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में अपनी बादशाहत जारी रखते हुए करियर की सर्वश्रेष्ठ 908 रेटिंग से गेंदबाजों की सूची में शीर्ष स्थान कायम रखा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट से पहले 907 अंक से किसी भी भारतीय गेंदबाज की सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) रैंकिंग रेटिंग का रिकॉर्ड बनाने वाले बुमराह ने एससीजी में पहली पारी में दो विकेट लेने के बाद अपनी रेटिंग में एक अंक का सुधार किया। हालांकि पीठ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण वह दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं कर सके जिससे उनकी भूमिका सिर्फ बल्लेबाजी तक सीमित रही।

बोलैंड ने लगाई 29 स्थान की छलांग

बायें हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा एक पायदान के सुधार के साथ संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर पहुंच गये, वह शीर्ष 10 में बुमराह के साथ दूसरे भारतीय हैं। जडेजा ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड के साथ संयुक्त रूप से नौंवे स्थान पर हैं। बोलैंड सिडनी में शानदार प्रदर्शन के बूते 29 पायदान के सुधार के साथ शीर्ष 10 में पहुंच गये हैं। सिडनी में बोलैंड ने 10 विकेट (31 रन देकर चार विकेट और 45 रन देकर छह विकेट) झटके। उनका प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम रहा जिससे टीम एक दशक के इंतजार के बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी हासिल करने में सफल रही।

कमिंस को हुए एक स्थान का फायदा

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है, वह अंतिम टेस्ट में पांच विकेट की बदौलत दूसरे नंबर पर पहुंचने में कामयाब हुए। दक्षिण अफ्रीका के कैगिसो रबाडा एक पायदान के लाभ से तीसरे स्थान पर पहुंचे जबकि चोटिल जोश हेजलवुड दो पायदान के नुकसान से चौथे स्थान पर खिसक गये।

टॉप टेन में हुई पंत की वापसी

ऋषभ पंत के दूसरी पारी में 33 गेंद में बनाये गये 61 रन से वह बल्लेबाजी रैंकिंग में तीन पायदान की छलांग लगाने में सफल रहे और नौवें नंबर पर पहुंच गये जबकि भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपना चौथा स्थान कायम रखा। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा पहली पारी में अहम शतक से तीन पायदान की छलांग लगाकर छठे नंबर पर पहुंच गये, उन्होंने करियर की सर्वश्रेष्ठ 769 रेटिंग भी हासिल की। वहीं काइल वेरेने शानदार शतक से चार पायदान के फायदे से 25वें स्थान पर पहुंच गये।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article