ICC Test Rankings 2025: भारत के युवा और आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग हासिल की है। दो शतकीय पारियों की बदौलत पंत अब दुनिया के टॉप-10 टेस्ट बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं और सातवें स्थान पर पहुंच चुके हैं।
ऋषभ पंत (फोटो -AP)
पंत का ऐतिहासिक प्रदर्शन
लीड्स टेस्ट में ऋषभ पंत ने पहली पारी में 134 रन और दूसरी पारी में 118 रन की मजबूत पारी खेली। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक ही मैच में दोनों पारियों में शतक लगाने वाले दूसरे विकेटकीपर-बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह उपलब्धि केवल जिम्बाब्वे के एंडी फ्लावर के नाम थी।
शुभमन गिल ने भी बनाया रैंकिंग में प्रभाव
टेस्ट क्रिकेट में भारत की कमान संभालने वाले नए कप्तान शुभमन गिल ने भी पहली पारी में शतक जड़कर अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया। इस प्रदर्शन के बाद वह टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में पांच स्थान की छलांग लगाकर 20वें पायदान पर पहुंच गए। हालांकि, भारत यह मैच इंग्लैंड के हाथों पांच विकेट से हार गया।
इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने भी दिखाई ताकत
इंग्लैंड के बेन डकेट ने दोनों पारियों में क्रमशः 62 और 149 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता और टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में आठवें स्थान पर पहुंच गए। उनके साथी ओली पोप (19वें) और जेमी स्मिथ (27वें) ने भी रैंकिंग में अच्छी प्रगति की।
टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के जो रूट पहले स्थान पर काबिज हैं, जबकि उनके साथी हैरी ब्रूक दूसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने भी बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑलराउंडर रैंकिंग में तीन स्थान की छलांग लगाकर पांचवां स्थान हासिल किया।
बांग्लादेश-श्रीलंका टेस्ट से भी रैंकिंग में बदलाव
श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच हुए पहले टेस्ट मैच (गॉल) में मुशफिकुर रहीम ने 163 रन की पारी खेलकर 11 स्थान की छलांग लगाई और 28वें स्थान पर पहुंच गए। वहीं, बांग्लादेश के नजमुल हुसैन शंटो ने दोनों पारियों में शतक जड़कर 21 स्थान का सुधार करते हुए 29वां स्थान हासिल किया।
गेंदबाजी रैंकिंग में बुमराह बरकरार
टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के जसप्रीत बुमराह शीर्ष पर बने हुए हैं। उन्होंने पहले टेस्ट की पहली पारी में पांच विकेट लेकर अपनी धाक जमाई।इस तरह, हालिया टेस्ट सीरीज ने आईसीसी रैंकिंग में कई बड़े बदलाव किए हैं, जिसमें ऋषभ पंत और शुभमन गिल जैसे भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
(भाषा)
