स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 6, अक्टूबर से पांच मैच की टी20 सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज से पहले दोनों टीमों को बड़ा झटका लगा है। आईसीसी ने दोनों ही टीमों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया है। दोनों ही टीमों ने अपनी गलती मान ली है। आईसीसी ने इसकी पुष्टि की है।
आईसीसी ने भारत और वेस्टइंडीज पर लगाया जुर्माना।
दरअसल, न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखने के लिए सोमवार को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भारत और वेस्टइंडीज पर जुर्माना लगाया। समय की छूट को ध्यान में रखते हुए, भारत पर उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत और वेस्टइंडीज पर 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।
मैच रेफरी ने लगाया जुर्माना
भारतीय टीम पर इसलिए ज्याद जुर्माना लगाया गया है क्योंकि, टीम मैच के दौरान तय ओवर-रेट से चार ओवर पीछे थे। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम तय ओवर-रेट से दो ओवर पीछे थे। इसलिए आईसीसी ने वेस्टइंडीज पर 10 प्रतिशत का जुर्माना लगाया है। मैच रेफरी प्रकाश भट्ट ने शनिवार को मैच के बाद ये जुर्माना लगाया।
दोनों कप्तानों ने मानी गलती
ICC ने एक बयान में कहा, दोनों कप्तानों ने अपनी गलती मान ली और प्रस्तावित जुर्माने को स्वीकार कर लिया, जिसका मतलब है कि औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं थी। ये आरोप ऑन-फील्ड अंपायर जयरामन मदनगोपाल और सैम नोगज्स्की, थर्ड अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और चौथे अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने लगाए थे।
वेस्टइंडीज ने दर्ज की जीत
तीसरे वनडे मैच की बात करें तो वेस्टइंडीज ने वापसी करते हुए पांच विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 351 रन बनाए। केएल राहुल ने शतकीय पारी खेली। वहीं, रोहित शर्मा ने 92 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने नाबाद 162 रन की पारी खेल टीम को जीत दिला दी।
