Women's World Cup 2025 Prize Money: महिला क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सोमवार को महिला वनडे विश्व कप 2025 की इनामी राशि का ऐलान किया। यह टूर्नामेंट 30 सितंबर से 2 नवंबर तक खेला जाएगा और इसका उद्घाटन मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच गुवाहाटी में होगा। इस बार कुल पांच स्थानों पर मैच खेले जाएंगे – गुवाहाटी, इंदौर, नवी मुंबई, विशाखापट्टनम (भारत) और कोलंबो (श्रीलंका)।
आईसीसी ने किया प्राइज मनी का ऐलान (फोटो- ICC)
प्राइज मनी में चार गुना बढ़ोतरी
आईसीसी ने इस बार महिला विश्व कप की कुल इनामी राशि को 13.88 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 115 करोड़ रुपये) तय किया है। यह पिछले संस्करण 2022 (न्यूज़ीलैंड) की तुलना में 239 प्रतिशत अधिक है, जब कुल प्राइज मनी केवल 3.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर थी। खास बात यह है कि महिलाओं का यह प्राइज पूल पुरुषों के वनडे विश्व कप 2023 (10 मिलियन अमेरिकी डॉलर) से भी ज्यादा है।
विजेता टीम को मिलेगा रिकॉर्ड इनाम
टूर्नामेंट का विजेता बनने वाली टीम को 4.48 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 37 करोड़ रुपये) की राशि दी जाएगी। यह 2022 में ऑस्ट्रेलिया को मिली 1.32 मिलियन अमेरिकी डॉलर की राशि से 239 प्रतिशत अधिक है। दिलचस्प बात यह है कि पुरुषों के वनडे विश्व कप 2023 का विजेता पुरस्कार केवल 4 मिलियन अमेरिकी डॉलर था, जबकि महिला टीम को अब उससे भी ज्यादा रकम मिलेगी।
रनर-अप और सेमीफाइनलिस्ट को भी बड़ी राशि
फाइनल में हारने वाली टीम यानी उपविजेता को 2.24 मिलियन अमेरिकी डॉलर मिलेंगे। यह 2022 में इंग्लैंड को मिले 600,000 अमेरिकी डॉलर की तुलना में 273 प्रतिशत अधिक है।वहीं, सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 1.12 मिलियन अमेरिकी डॉलर प्रत्येक मिलेंगे, जो पिछली बार की तुलना में तीन गुना ज्यादा है।
