दुबई: मोहम्मद रिजवान की कप्तानी वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ दुबई में खेले गए महामुकाबले में 7 विकेट के अंतर से हार करना पड़ा। पाकिस्तान की यह टूर्नामेंट में लगातार दूसरी हार है। टूर्नामेंट के कराची में खेले गए उद्धाटन मुकाबले में भी मेजबान पाकिस्तान को करारी हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में भारत के खिलाफ उसका मुकाबला करो या मरो वाला हो गया था। भारत के खिलाफ हार के बाद पाकिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं तकरीबन खत्म हो गई हैं। पाकिस्तान का सेमीफाइनल में पहुंचना या नहीं पहुंचना 24 फरवरी, 2025 को बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले मुकाबले पर निर्भर हो गया है।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम
बांग्लादेश की जीत की दुआ करेगा पाकिस्तान
न्यूजीलैंड की टीम जैसे फॉर्म में है वो ग्रुप ए से सेमीफाइनल में दूसरे स्थान के लिए अपना दावा पेश कर रही है। उसने पहले मैच में पाकिस्तान को मात देकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की और बांग्लादेश को सोमवार को कड़ी चुनौती देकर अपनी जगह सेमीफाइनल में पक्की करना चाहेगी। अगर बांग्लादेश की टीम न्यूजीलैंड को हराने में सफल होती है तो पाकिस्तान के लिए टूर्नामेंट के दरवाजे खुल जाएंगे लेकिन इसके बाद भारत को न्यूजीलैंड को और पाकिस्तान को बांग्लादेश को मात देनी होगी।
पाकिस्तान के लिए ऐसे हैं समीकरण
- बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड(24 फरवरी, 2025) मैच-बांग्लादेश की जीत जरूरी
- पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश( 27 फरवरी, 2025)-पाकिस्तान की बड़े अंतर से जीत जरूरी
- भारत बनाम न्यूजीलैंड मैच(2 मार्च, 2025)-भारत की जीत जरूरी
बांग्लादेश के खिलाफ जरूरी होगी बड़े अंतर से जीत
ऐसा होने पर बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड 1-1 मैच में जीत के साथ 2-2 अंक की बराबरी पर आ जाएंगी और सेमीफाइनल में ग्रुप ए से पहुंचने वाली दूसरी टीम का फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा। नेट रन रेट की दौड़ में सबसे आगे निकलने के लिए पाकिस्तान को बांग्लादेश को बड़े अंतर से हराना होगा। ये मैच ये पाकिस्तान के हाथ में है। लेकिन ये पाकिस्तान के मौजूदा प्रदर्शन को देखकर मुश्किल या कहें नामुमकिन ही नजर आ रहा है।
