Gautam Gambhir on Rohit Sharma: वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 वनडे और 5 T20I सीरीज से टीम इंडिया के लंबे होम सीजन की शुरुआत होने वाली है। इससे पहले हेड कोच गौतम गंभीर ने अपने दो साल के कार्यकाल पर खुलकर बात की है। उन्होंने JioStar पर कहा कि इन दो सालों में उन्होंने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, सफलता भी मिली और असफलता भी। गंभीर ने कहा, "दो साल पलक झपकते नहीं बीते। मेरे हिस्से में उतार-चढ़ाव आए हैं। मेरी अपनी असफलताएं और सफलताएं रही हैं। लेकिन जब आप इस तरह की जिम्मेदारी लेते हैं तो उतार-चढ़ाव तो आएंगे ही। चाहे टेस्ट क्रिकेट हो, वनडे हो या T20, हां मुझे सफलता मिली है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा, लेकिन मेरी असफलताएं भी रही हैं, जिसे मैं दोनों हाथों से स्वीकार करता हूं।"
रोहित शर्मा और गौतम गंभीर (फोटो साभार- BCCI/X)
रोहित के साथ रिश्ते पर क्या बोले?
गंभीर ने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के साथ अपने रिश्ते पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि रोहित के साथ उनका रिश्ता सिर्फ कप्तान और कोच का नहीं है, बल्कि काफी पुराना है। गंभीर ने बताया, "रोहित और मेरा रिश्ता सिर्फ कप्तान और कोच का नहीं था। जब रोहित टीम में आया था, तब मैं सीनियर खिलाड़ी था, तो हमारा रिश्ता तभी से है। रोहित मुझे तब से जानता है। जब आप साथ खेले होते हैं तो चीजें बहुत आसान हो जाती हैं। वह मेरी सोच जानता है, मैं उसकी सोच जानता हूं। कल मेरी सोच कुछ और हो सकती है, कप्तान की सोच कुछ और, लेकिन आखिर में जो टीम के हित में है, वही फाइनल फैसला होता है तो उससे बेहतर कुछ नहीं।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- न्यूजीलैंड में अभी से शुरू हो गई वैभव सूर्यवंशी की चर्चा, हेड कोच ने दिया बड़ा चैलेंज
कप्तान के तौर पर कैसे थे रोहित?
गंभीर ने बताया कि उन्होंने अब तक चार कप्तानों- रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के साथ काम किया है और सभी का फोकस हमेशा टीम फर्स्ट रहा है। उन्होंने कहा, "मैं 4 कप्तानों के साथ काम कर चुका हूं। सभी की पहली सोच हमेशा टीम फर्स्ट रही है। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे ऐसे लोगों के साथ काम करने का मौका मिला जिन्होंने हमेशा टीम को खुद से आगे रखा। आइडियोलॉजी बदल सकती है, गेम को पढ़ने का नजरिया बदल सकता है, लेकिन जब तक आपकी नियत सही है, सपोर्ट स्टाफ के लिए काम आसान हो जाता है।"
शुभमन गिल की जमकर तारीफ की
गंभीर ने श्रेयस अय्यर को लेकर कहा कि उन्होंने 2018 में दिल्ली की कप्तानी श्रेयस को सौंपी थी, तभी उन्हें लगा था कि उसमें लीडरशिप क्वालिटी है। KKR में भी उन्होंने साथ काम किया था। शुभमन गिल की तारीफ करते हुए गंभीर ने कहा, "शुभमन युवा है। अगर आपको इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट मैचों की कप्तानी मिलती है, तो यह किसी को गहरे समुंदर में धकेलने जैसा है। या तो आप तैरकर बाहर निकलोगे या डूब जाओगे। लेकिन जिस तरह से शुभमन ने टेस्ट क्रिकेट को हैंडल किया है, वह शानदार रहा है। मुझे लगता है आने वाले सालों में हम शुभमन का बेस्ट देखेंगे।"
