Harry Brook: इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रुक ने पाकिस्तान के खिलाफ एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। एजबेस्टन में खेले जा रहे आखिरी टेस्ट के पहले दिन ब्रुक ने नाबाद 52 रन बनाकर इंग्लैंड को बढ़त दिलाई ही, साथ ही पाकिस्तान के खिलाफ 1000 रन पूरे करने वाले चौथे इंग्लिश बल्लेबाज बन गए। खास बात ये है कि ब्रुक इस आंकड़े तक पहुंचने वाले सबसे तेज अंग्रेज बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने सिर्फ 14 पारियों में 1000 रन का आंकड़ा छुआ। ओवरऑल देखें तो उनसे तेज सिर्फ दो बल्लेबाज हैं- भारत के वीरेंद्र सहवाग और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर, जिन्होंने 11-11 पारियों में पाकिस्तान के खिलाफ 1000 रन पूरे किए थे। ऑस्ट्रेलिया के उस्मान ख्वाजा ने भी 14 पारियों में ही ये मुकाम हासिल किया था।
हैरी ब्रुक ने तोड़ा जो रूट का रिकॉर्ड (फोटो साभार- X)
हैरी ब्रुक ने बना दिया इतिहास
ब्रुक का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड हैरान करने वाला है। 9 टेस्ट और 14 पारियों में वह 1033 रन बना चुके हैं। उनका औसत 79.46 और स्ट्राइक रेट 89.20 का है। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 3 अर्धशतक निकले हैं, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 317 रन रहा है। इस लिस्ट में उनसे आगे सिर्फ तीन इंग्लिश दिग्गज हैं। एलिस्टेयर कुक ने 20 टेस्ट में 1719 रन, जो रूट ने 21 टेस्ट में 1159 रन और डेविड गॉवर ने 17 टेस्ट में 1185 रन पाकिस्तान के खिलाफ बनाए हैं। लेकिन ब्रुक का औसत और रफ्तार इन सबसे कहीं बेहतर है।
पहला दिन इंग्लैंड के नाम रहा
मैच की बात करें तो पहले दिन पूरी तरह से इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के नाम रहा। पाकिस्तान की टीम सिर्फ 133 रन पर ढेर हो गई। सऊद शकील ने 47 गेंद में 43 रन और मोहम्मद अब्बास ने 36 गेंद में 21 रन बनाए, इसके अलावा कोई बल्लेबाज 20 का आंकड़ा भी नहीं छू सका। इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने 4/42, ओली रॉबिन्सन ने 3/15 और जोफ्रा आर्चर ने 3/25 विकेट लेकर कहर बरपाया। जवाब में इंग्लैंड ने दिन का खेल खत्म होने तक 156/4 रन बना लिए थे और 23 रन की बढ़त हासिल कर ली थी। एमिलियो गे ने 114 गेंद में 9 चौकों के साथ 60 रन बनाए, जबकि हैरी ब्रुक 76 गेंद में 4 चौकों के साथ 52 रन बनाकर नाबाद लौटे।
