आईपीएल के 62वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस अपने घर पर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उतरेगी। प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए गुजरात को बाकी बचे दो मैच में से एक में जीत दर्ज करनी होगी और उसकी कोशिश अपने घर पर हैदराबाद को हराकर प्लेऑफ में जगह पक्की करने पर होगी।
गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद
पिछले मुकाबले में गुजरात को मुंबई के खिलाफ हार जरूर मिली थी, लेकिन एक अकेल राशिद खान ने मुंबई इंडियंस के नाक में दम कर दिया था। दूसरी तरफ एक और हार हैदराबाद का सफर आईपीएल 2023 में खत्म कर देगा। पिछले मुकाबले में हैदराबाद को लखनऊ के हाथो 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।
गुजरात और हैदराबाद की बात करें तो जब पिछले सीजन दोनों टीम भिड़ी थी तो मुकाबला बराबरी का रहा था। पहले मुकाबले में हैदराबाद ने गुजरात को पटखनी दी थी तो दूसरे मुकाबले में गुजरात ने 5 विकेट से मुकाबला जीता था। आइए फ्लैशबैक में चलते हैं और उन दोनों के मुकाबले को फिर से जीने की कोशिश करते हैं।
पहले मुकाबले में हैदराबाद की जीत
डीवाई पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने हार्दिक पांड्या के 50 और अभिनव मनोहर के 35 रन की पारी के दम पर 7 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए थे। जवाब में हैदराबाद की टीम ने यह लक्ष्य केवल 2 विकेट खोकर 5 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया था। हैदराबाद की तरफ से केन विलियमयन ने 57 और निकोलस पूरन ने 18 गेंद में 34 रन की पारी खेली थी।
गुजरात टाइटंस का बदला
दूसरी बार जब दोनों टीम भिड़ी तो गुजरात तैयारी के साथ आया था और उसने इस मैच में अपनी हार का बदला लिया। गुजरात ने हैदराबाद को इस मैच में 5 विकेट से हार थमाई थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने अभिषेक शर्मा के 65 और एडेन मार्करम के 56 रन की पारी के दम पर 6 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए थे, लेकिन हैदराबाद के गेंदबाज इस स्कोर को डिफेंड नहीं कर पाए। 196 रन का लक्ष्य गुजरात ने 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। रिद्धिमान साहा ने 68, राहुल तेवतिया ने 40 और राशिद खान ने 11 गेंद पर 31 रन की पारी खेली थी।
इस बार भी राशिद गेंद और बल्ले से जबरदस्त लय में हैं। कुछ ओवर और होते तो उन्होंने मुंबई के खिलाफ मैच को भी अपनी ओर मोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी।
