मुंबई: टी20 विश्व कप 2022 के आगाज में कुछ ही दिन शेष बचे हैं। ऐसे में बुधवार को जसप्रीत बुमराह के बाद तेज गेंदबाज दीपक चाहर के भी टूर्नामेंट से चोट की वजह से बाहर होने की खबर आ गई। ऐसे में अब एक नई बहस छिड़ गई है कि क्या भारत के स्टार खिलाड़ियों को आईपीएल से हटकर आराम करने का विकल्प दिया जाना चाहिए या नहीं?
Image Credit: BCCL
मिलना चाहिए आईपीएल में आराम करने का विकल्प
दीपक चाहर इस बार आईपीएल में चोट की वजह से नहीं खेल पाए थे। उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। जसप्रीत बुमराह पीठ की चोट की वजह से पहले ही टी20 विश्व कप से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री का मानना है कि भारत के स्टार खिलाड़ियों को आईपीएल के कुछ मैचों में आराम करने का विकल्प दिया जाना चाहिए। शास्त्री ने कहा है कि अगर साल 1983 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे रोजर बिन्नी अगर बीसीसीआई के अध्यक्ष बनते हैं तो इस बारे में सबसे पहले निर्णय करना चाहिए।मैचों की संख्या को देखते हुए संतुलन बनाना है जरूरी
शास्त्री ने कहा, जितनी क्रिकेट इन दिनों खेली जा रही है उसे देखते हुए यह संतुलन बनाना जरूरी है कि कौन सा खिलाड़ी कितनी क्रिकेट खेल रहा है। उसे कब आराम दिया जाना चाहिए? बीसीसीआई अध्यक्ष इसमें अहम भूमिका निभा सकते हैं। कल अगर किसी खिलाड़ी को भारत के लिए खेलने के लिए आईपीएल के दौरान कुछ मैचों में आराम देने की जरूरत है तो देना चाहिए।शास्त्री ने आगे कहा, इसके लिए बीसीसीआई अध्यक्ष को आईपीएल की टीमों के साथ बैठकर यह समझाना चाहिए कि ये खिलाड़ी देश के लिए सबसे पहले जरूरी हैं इसके बाद टीमों के लिए।
टीम मैनेजमेंट के अंदर होनी चाहिए वर्कलोड मैनेजमेंट पर चर्चाटीम इंडिया के पूर्व कोच ने कहा, टीम मैनेजमेंट के अंदर इस बात की चर्चा होनी चाहिए कि किस खिलाड़ी को आराम देना चाहिए किन खिलाड़ियों को वो इस तरह आगे खिला सकते हैं। इसके बाद ये बात टीमों के सामने रखनी चाहिए। टीमों के सामने ये बात बड़ी सहजता से रखनी चाहिए कि ये खिलाड़ी भारतीय टीम के लिए बेहद अहम है और देश का हित सर्वोपरि है।'
खिलाड़ियों का बार-बार चोटिल होना निराशाजनक
एनसीए में लंबा वक्त गुजराने और रीहैब के बाद भी भारतीय टीन के तेज गेंदबाज बार-बार चोटिल हो रहे हैं। इस बारे में शास्त्री ने कहा,चोट की वजह से जब आप अहम खिलाड़ियों को खोना बतौर टीम इंडिया का हेड कोच उनके लिए बेहद निराशाजनक बात होती थी। हमनें इंग्लैंड और न्यूजीलैंड का दो बार दौरा किया और दोनों ही बार भुवनेश्वर कुमार चोटिल थे। जहां वो बहुत सारे विकेट अपने नाम कर सकते थे। लेकिन अब ऐसा ही दीपक चाहर के साथ हो रहा है। वो बहुत ज्यादा नहीं खेले हैं लेकिन फिर चोटिल हो गए।गंभीरता से करना होगा इस मसले पर विचारशास्त्री ने अंत में कहा, मैनें आंकडों पर नजर डाली तो पता चला कि बुमराह पिछले विश्व कप से लेकर अबतक केवल 5 मैच खेले हैं और चोटिल हो गए हैं। ऐसे में इस बात को काफी गंभीरता के साथ लेना होगा कि ऐसा क्यों हो रहा है।
