बहुत कम टीमें... हार से बाल-बाल बचने के बाद इंग्लैंड के कप्तान ने पढ़े नेपाल की तारीफ में कसीदे

नेपाल के खिलाफ हार से बाल-बाल बचने के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने नेपाल की टीम के बल्लेहबाजों की स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ प्रदर्शन की जमकर तारीफ की है। जानिए उन्होंने टी20 विश्व कप 2026 में विजयी शुरुआत के बाद क्या कहा?

मुंबई: इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने रविवार को टी20 विश्व कप अभियान के पहले मैच में नेपाल के बल्लेबाजों के अपने प्रमुख स्पिनर आदिल राशिद का सामना करने के तरीके पर हैरानी जताई। पूर्व चैंपियन इंग्लैंड ने नेपाल को 185 रन का लक्ष्य दिया और उलटफेर से बचते हुए चार रन से जीत हासिल की। मैच के बाद ब्रूक ने कहा,'यह बिल्कुल भी आसान नहीं रहा, शुक्र है कि हम जीत गए। वे बहुत अच्छा खेले। बहुत कम टीमें आदिल राशिद को इस तरह खेल पाती हैं जैसे उन्होंने खेला। मुझे लग रहा था हम इस स्कोर का आसानी से बचाव कर लेंगे लेकिन वे बहुत अच्छा खेले। मैं उन्हें बाकी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं देता हूं।'

Harry Brook and rohit paudel

हैरी ब्रूक और रोहित पोडेल

आदिल राशिद के खिलाफ अच्छी अच्छी टीमें नहीं कर पाती हैं ऐसी बल्लेबाजी

इंग्लैंड ने जैकब बेथेल और ब्रूक की अर्धशतकीय पारियों के बाद विल जैक्स के 39 रन से सात विकेट पर 184 रन बनाए। ब्रूक ने कहा, 'बेथ शानदार खेला। वह जिस तरह से स्पिनरों के खिलाफ बल्लेबाजी कर रहा था, वह बहुत अच्छा था। फिर मैंने बस कहा कि हम दो तीन विकेट लेते हैं और सब कुछ बदल जाएगा। हमारे पास बहुत सारे विकल्प हैं। राशिद के खिलाफ उन्होंने इतने रन जुटा लिए। ऐसा अक्सर नहीं होता कि वह चार ओवर गेंदबाजी नहीं करे। मुझे यकीन है कि वह वापसी करेगा।'

End of Feed