स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच तीन टी20I मैच की सीरीज का आगाज हो गया। साउथहैम्पटन के रोज बाउल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 मैच मेजबान इंग्लैंड ने श्रीलंका को 119 रन से करारी शिकस्त दी। इंग्लैंड की इस बड़ी जीत में कप्तान हैरी ब्रूक ने ऐतिहासिक शतक जड़ा। ब्रूक ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया।
हैरी ब्रूक ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रचा इतिहास। फोटो- ECB
दरअसल, हैरी ब्रूक का टी20 इंटरनेशनल में 2026 में बतौर कप्तान यह दूसरा शतक था। इस फॉर्मेट में एक कैलेंडर ईयर में वह 2 शतक लगाने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। टेस्ट में यह रिकॉर्ड रिकी पोंटिंग और वनडे में विराट कोहली के नाम दर्ज है, जबकि ब्रूक ने रोहित शर्मा के क्लब में भी एंट्री कर ली है।
हैरी ब्रूक ने रचा इतिहास
हैरी ब्रूक ने बतौर कप्तान (फुल मेंबर टीम के) टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा शतक के मामले में रोहित शर्मा और बाबर आजम की लिस्ट में एंट्री कर ली है। रोहित और बाबर दोनों ने बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल में 3-3 शतक लगाए हैं। वहीं, ब्रूक ने बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल की 23वीं पारी में ही अपना दूसरा शतक लगा दिया है। वह इस साल सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
एक कैलेंडर ईयर में टेस्ट, वनडे और T20I में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले फुल मेंबर देशों के कप्तान-
टेस्ट: रिकी पोंटिंग ने 2006 में बतौर कप्तान 6 शतक लगाए
वनडे: विराट कोहली ने बतौर कप्तान 2017 और 2018 में 6-6 शतक लगाए
T20I: हैरी ब्रूक ने बतौर कप्तान 2026 में अब तक 2 शतक लगाए
T20I में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक (फुल मेंबर देश)
रोहित शर्मा: 3 शतक (62 पारी)
बाबर आजम: 3 शतक (78 पारी)
हैरी ब्रूक: 2 शतक (23 पारी)
इंग्लैंड ने सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त
मैच की बात करें तो पहले खेलते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 254 रन बनाए। जोस बटलर ने 44 गेंद पर 80 और कप्तान हैरी ब्रूक ने 49 गेंद पर नाबाद 114 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम 19 ओवर में 135 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका के लिए सर्वाधिक 33 रन की पारी वेल्लालगे ने खेली। इंग्लैंड के लिए सोनी बेकर ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए। वहीं, लियाम डॉसन और जेमी ओवरटन को 2-2 विकेट मिले। सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 सितंबर को कार्डिफ में खेला जाएगा।
