ENG vs PAK Test: इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ 19 अगस्त से शुरू हो रही तीन टेस्ट मैच की सीरीज के पहले दो मुकाबले के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में सबसे बड़ी खबर डैन लॉरेंस की वापसी और जैकब बेथेल का चोट के कारण बाहर होना है। बेन स्टोक्स के संन्यास के बाद इंग्लैंड के टेस्ट क्रिकेट के नए दौर की शुरुआत लीड्स से होगी। स्टोक्स की जगह भरना किसी के लिए भी आसान नहीं होगा। इस जिम्मेदारी के लिए टीम मैनेजमेंट ने सरे के ऑलराउंडर डैन लॉरेंस पर भरोसा जताया है। लॉरेंस को सितंबर 2024 के बाद पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है। उन्होंने काउंटी चैंपियनशिप में शानदार फॉर्म दिखाते हुए 8 मैच में 5 शतक और 65.66 की औसत से रन बनाए थे। उनके छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना है।
जो रूट (फोटो साभार- England Cricket)
पूरी सीरीज से बाहर हुए बेथेल
बेथेल दाहिने घुटने की चोट की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी से जोर्डन कॉक्स के लिए तीसरे नंबर पर खेलने का रास्ता खुल गया है। कॉक्स को जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट में डेब्यू का मौका मिला था, लेकिन तब उन्हें 7वें नंबर पर उतरना पड़ा था। विकेटकीपर जेमी स्मिथ अब लॉरेंस के नीचे बल्लेबाजी कर सकते हैं। गेंदबाजी में तेज गेंदबाज ब्राइडन कार्स की वापसी हुई है। कार्स हाथ की चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली 1-2 से हारी सीरीज में नहीं खेल पाए थे। उनके अलावा सैम कुक को भी टीम में रखा गया है। कुक ने मई 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना इकलौता टेस्ट खेला था। ऑफ स्पिनर शोएब बशीर टीम में बरकरार हैं, लेकिन लॉरेंस के ऑफ स्पिन ऑप्शन होने की वजह से उनका अंतिम 11 में खेलना मुश्किल लग रहा है।
टीम की कमान जो रूट के हाथों में
टीम की कमान एक बार फिर जो रूट संभालेंगे। हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के न होने पर अंतरिम कोच मार्कस ट्रेस्कोथिक चयन में शामिल थे। पूर्व उपकप्तान ओली पोप की भी वापसी हुई है। उन्हें एशेज में खराब प्रदर्शन के बाद टीम से बाहर किया गया था। स्टोक्स की जगह संतुलन बनाने के लिए सैम कुरेन और रेहान अहमद भी टीम के साथ हैं। स्टोक्स ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में हार के बाद संन्यास लिया था। उन्होंने अपने करियर में 7273 रन और 252 विकेट लिए। इंग्लैंड का फॉर्म भी चिंता का विषय है। टीम पिछले 9 टेस्ट में से 7 हार चुकी है और दिसंबर 2024 के बाद कोई सीरीज नहीं जीती है। सीरीज के बाकी दो टेस्ट लॉर्ड्स और बर्मिंघम में खेले जाएंगे।
