बर्मिंघम: बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैच की टेस्ट सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में दूसरी पारी में शानदार वापसी की है। पहली पारी में पाकिस्तान को 133 रन पर ढेर करने के बाद इंग्लैंड ने 453 रन का स्कोर खड़ा किया था। पहली पारी में 320 रन से पिछड़ने के बाद दोबारा बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने करारा जवाब मेजबान इंग्लैंड को दिया और दूसरी पारी में 449 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। ऐसे में तीसरे टेस्ट में जीत के लिए इंग्लैंड को 130 रन का लक्ष्य मिला है। मैच के दो दिन बाकी हैं। ऐसे में सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही पाकिस्तानी टीम के ऊपर 0-3 के अंतर से हार का खतरा अभी भी मंडरा रहा है। गेंदबाज ही अब पाकिस्तानी टीम की लाज बचा सकते हैं।
पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड
पाकिस्तान ने तीसरे दिन के खेल की शुरुआत 2 विकेट पर 52 रन के साथ की थी। अजान अवैस 29 और शान मसूद ने 21 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। दोनों टीम को 100 रन के पार ले गए। 125 के स्कोर पर अवैस लॉरेंस की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 59(84) रन बनाए। इसके बाद तेजी से बल्लेबाजी कर रहे शान मसूद को कप्तान बाबर आजम का साथ मिला। दोनों टीम को 200 रन के पार ले गए। लेकिन 214 के स्कोर पर मसूद 95 रन बनाकर एटकिंसन की गेंद पर लॉरेंस के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके जड़े।
मसूद के आउट होने के बाद कप्तान बाबर आजम ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होनें सऊद शकील के साथ मिलकर टीम को 250 रन के पार पहुंचाया। बाबर ने अपना अर्धशतक पूरा किया और 276 के स्कोर पर जोश टंग की गेंद पर कॉक्स के हाथों लपके गए। उन्होंने 76(103) रन बनाए। इसके बाद सऊद शकील पाकिस्तान को 306 रन तक पहुंचाकर आर्चर का शिकार बने। उन्होंने 29(59) रन बनाए। इसके बाद गाजी गौरी और मोहम्मद इमरान भी पवेलियन लौट गए।
318 रन पर 8 विकेट गंवाने के बाद ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान की टीम आज ही मैच गंवा देगी। ऐसे में पाकिस्तानी पारी को रजाउल्लाह और मोहम्मद अब्बास ने संभाला। दोनों ने नौवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करके पाकिस्तान को 400 रन के पार पहुंचा दिया। पाकिस्तानी टीम 96.4 ओवर में 449 रन बनाकर ढेर हो गई। रजउल्लाह 81(63) और मोहम्मद अब्बास 42(67) रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तानी टीम दूसरी पारी में 129 रन की लीड हासिल करने में सफल रही।
