काठमांडु: नेपाल क्रिकेट टीम के बल्लेबाज दीपेंद्र सिंह ऐरी ने कतर के खिलाफ टी20आई मुकाबले में इतिहास रच दिया। ऐरी अंतरराष्ट्रीय टी20 में एक ओवर में छह छक्के जड़ने वाले दुनिया की तीसरे प्लेयर बन गए हैं। इसके साथ ही उनकी युवराज सिंह और किरोन पोलार्ड के स्पेशल क्लब में एंट्री हो गई है। ऐरी ने छह गेंद में छह छक्के जड़ने का कारनामा दूसरी बार किया है। एशियन गेम्स 2024 में मंगोलिया के खिलाफ मुकाबले में 10 गेंद में 52 रन की आतिशी पारी खेली थी। इस मैच में उन्होंने लगातार छह छक्के जड़े थे। लेकिन ऐसा वो एक ओवर में नहीं कर पाए थे। एक ओवर में उन्होंने पांच छक्के जड़े इसके बाद अगले ओवर में उन्हें जब मौका मिला तो फिर से छक्का जड़ दिया। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय टी20 में दो बार लगातार छह छक्के जड़ने वाले ऐरी दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
दीपेंद्र सिंह ऐरी(साभार Nepal Cricket)
ये भी पढ़ें: RR vs PBKS Live Score Today Match
कामरान खान के ओवर में जड़े छह छक्के
दीपेंद्र सिंह ऐरी ने कतर के खिलाफ मुकाबले के 20वें ओवर में गेंदबाज कामरान खान को निशाने पर लिया और एक-एक करके 6 छक्के जड़ दिए। ऐरी 21 गेंद में नाबाद 64 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 19 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। ऐरी ने अपनी पारी में 3 चौके और 7 छक्के जड़े। ऐरी की इस आतिशी पारी की बदौलत नेपाल ने कतर के सामने 7 विकेट पर 210 रन का स्कोर खड़ा किया।
ये भी पढ़ें: IPL 2024: ऋषभ पंत ने तोड़ा यूसुफ पठान का रिकॉर्ड, बने आईपीएल में सबसे तेज 3 हजार रन बनाने वाले भारतीय
युवराज और पोलार्ड के क्लब में हुई एंट्री
ऐरी से पहले युवराज सिंह और वेस्टइंडीज के किरोन पोलार्ड अंतरराष्ट्रीय टी20 में एक ओवर में छह छक्के जड़ने का कारनामा कर चुके हैं। युवराज सिंह ने साल 2007 में इंग्लैंड के गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में छह छक्के जड़े थे। युवराज ये कारनामा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने थे। इसके बाद वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान किरोन पोलार्ड ने साल 2021 में श्रीलंका के स्पिनर अकीला धनंजय की गेंद पर लगातार छह छक्के जड़ने का कारनामा कर दिखाया था।
