दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन से मुलाकात की और उन्हें जन कौशल केंद्र के ब्रांड एंबेसडर के रूप में शामिल होने पर बधाई दी। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। एक्स पर उन्होंने लिखा 'क्रिकेटर संजू सैमसन, जिन्हें मोती नगर स्थित जन कौशल केंद्र का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है, वह दिल्ली के युवाओं को कौशल, और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करेंगे। उन्होंने आगे कहा 'संजू का दिल्ली से एक खास लगाव है। यहां उन्होंने अपने करियर के शुरुआती साल बिताए हैं। अब, मदन लाल खुराना फाउंडेशन द्वारा नियुक्त जन कौशल केंद्र, मोती नगर के ब्रांड एंबेसडर के रूप में, वे दिल्ली के युवाओं को कौशल, अवसरों और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करेंगे। इस मौके पर विधायक श्री हरीश खुराना, ट्रिनिटी फाउंडेशन और आईएसीटी एजुकेशन के वरिष्ठ सदस्य भी उपस्थित थे।
संजू सैमसन (साभार-X)
संजू सैमसन ने गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान टी20 क्रिकेट में 9,000 रन पूरे किए। सैमसन ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी 50 रन की पारी के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने लगातार दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक बनाते हुए 34 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया। 14वें ओवर में अजमतुल्लाह ओमरजई ने उन्हें 35 गेंदों में 50 रन पर आउट कर दिया। उनकी पारी में दो चौके और चार छक्के शामिल थे। अब उनके नाम 351 टी20 मैचों में 9,027 रन हो गए हैं, जिनमें आठ शतक और 57 अर्धशतक शामिल हैं।
सैमसन ने 69 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 28 के औसत और 158 के स्ट्राइक रेट से 1,549 रन बनाए हैं। भारत के लिए इस फॉर्मेट में तीन शतक और सात अर्धशतक जड़े हैं।
उनकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि अभिषेक शर्मा के साथ तूफानी सलामी साझेदारी के दौरान सामने आई, जिन्होंने रिकॉर्ड तोड़ 34 गेंदों में 108 रन बनाए। इसके बाद भारत ने अफगानिस्तान को 94 रनों पर ऑल आउट कर दिया और 127 रनों से जीत हासिल करते हुए सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।
