Dhoni Birthday Wishes: भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) आज बेशक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलते, लेकिन उनकी लोकप्रियता और फैंस की संख्या अब भी बढ़ती जा रही है। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान के रूप में सक्रिय ये महान कप्तान आज अपना 42वां जन्मदिन मना रहा है। इस मौके पर दुनिया भर में करोड़ों क्रिकेट फैंस के साथ-साथ क्रिकेट जगत के सितारे भी उनको बधाई दे रहे हैं। सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) से लेकर तमाम दिग्गजों ने धोनी के लिए बर्थडे संदेश लिखे हैं, लेकिन इनमें वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) का संदेश सबसे दिलचस्प है।
वीरेंद्र सहवाग और एम एस धोनी
सचिन तेंदुलकर ने धोनी के साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "कामना करता हूं कि तुम हमेशा अपने हेलीकॉप्टर शॉट्स की तरह ऊंचाईयों में उड़ते रहो। हैपी बर्थडे एम एस।"
टीम इंडिया के दिग्गज ऑलराउंडर और वेस्टइंडीज में टी20 कप्तान की भूमिका में मौजूद हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने भी अपने चहेते खिलाड़ी धोनी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, "हैपी बर्थडे मेरे फेवरेट।"
पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का बधाई संदेश सबसे खास रहा। उन्होंने लिखा, "सूर्यदेव के पास 7 घोड़े हैं अपना रथ खींचने के लिए। रिगवेद में दुनिया के 7 हिस्से मौजूद हैं। 7 मौसम, 7 किले, 7 सरगम, शादी के 7 फेरे, दुनिया के 7 अजूबे और 7वें महीने की 7 तारीख को टॉप मैन एम एस धोनी का जन्मदिन। हैपी बर्थडे धोनी।"
रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने आईपीएल 2023 की उस भावुक तस्वीर को शेयर किया जिसमें धोनी ने उनको गले लगाया हुआ था और वो भावुक भी हो गए थे। जडेजा ने इसके साथ लिखा, "मेरा सबसे खास व्यक्ति 2009 से अब तक और सदा के लिए। आपको जन्मदिन की बहुत बधाई माही भाई। जल्द ही फिर से आपको येलो में देखेंगे।"
कार दुर्घटना में चोटिल हुए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने भी धोनी को खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी। पंत ने एक खास केक को काटते हुए तस्वीर लगाई और लिखा, "हैपी बर्थडे माही भाई, आप तो नहीं हो पास, आपके लिए केक काट लेता हूं मैं।"
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट क्रिकेट में 90 मैचों में 4876 रन बनाए जिसमें 6 शतक और 33 अर्धशतक शामिल थे। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 350 मैच खेले और 10,773 रन बनाए जिसमें 10 शतक और 73 पचासे शामिल रहे। वो वनडे क्रिकेट में दुनिया के 11वें सबसे सफल बल्लेबाज हैं। धोनी एकमात्र कप्तान हैं जिन्होंने वनडे विश्व कप, टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी के तीन बड़े खिताब अपने नाम किए।
