Ashes Test in India: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया भारत में अपनी मौजूदगी और बढ़ाना चाहता है। बिग बैश लीग का पहला मैच चेन्नई में कराने के बाद अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एशेज टेस्ट भी भारत में कराने पर विचार कर रहा है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने यह जानकारी दी है। बीबीसी के 'स्टम्प्ड पॉडकास्ट' में टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा, "ECB और BCCI के साथ हमारे रिश्ते बहुत मजबूत हैं। साफ है कि भारत में कुछ और क्षेत्रों में क्रिकेट कंटेंट लाने के मौके हैं।"
भारत में हो सकता है एशेज (फोटो साभार- AI Created)
क्या बोले क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी
हालांकि, पहले तो उन्होंने कहा कि फिलहाल एशेज टेस्ट भारत में कराने की कोई योजना नहीं है। लेकिन उन्होंने कहा, "इस पर विचार किया जा सकता है। भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच टेस्ट क्रिकेट अभी भी काफी मजबूत है। हम इसे और मजबूत बनाना चाहते हैं।" ग्रीनबर्ग ने माना कि व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर इस प्रस्ताव के रास्ते में सबसे बड़ी रुकावट है। उन्होंने कहा, "ग्लोबल क्रिकेट के लिए चुनौती यह है कि साल में सिर्फ 365 दिन होते हैं। हमें जो कंटेंट बनाना है, उसके लिए शायद एक-दो महीने और चाहिए।"
तीनों बोर्ड के तालमेल की जरूरत
एशेज टेस्ट भारत में कराने के लिए तीनों बोर्ड- BCCI, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और ECB के बीच बड़े स्तर पर तालमेल की जरूरत होगी। अगले साल एशेज सीरीज की मेजबानी इंग्लैंड को करनी है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज दुनिया की सबसे पुरानी और चर्चित टेस्ट सीरीज है। यह हमेशा इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया में ही हुई है। अगर यह भारत में होती है तो क्रिकेट इतिहास में पहली बार होगा। BCCI के साथ मजबूत रिश्ते और भारत के बड़े फैन बेस को देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया यहां नए मौके तलाश रहा है।
चेन्नई में होगा BBL का ओपनिंग मैच
बता दें कि BBL के इतिहास में यह पहली बार होगा, जब टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच ऑस्ट्रेलिया से बाहर खेला जाएगा। दिसंबर में लीग का पहला मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा। यह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के लिए भारत में बड़ा कदम है।
