RCB Match Venue: साल 2025 में 17 साल के लंबे इंतजार के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का खिताब जीतकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने फैंस को जश्न मनाने का एक ऐतिहासिक पल दिया था। उम्मीद थी कि डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर RCB IPL 2026 में अपने सभी घरेलू मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी। हालांकि, अब बेंगलुरु के क्रिकेट प्रेमियों को बड़ा झटका लग सकता है, क्योंकि रिपोर्ट्स के अनुसार, आगामी सीजन में इस प्रतिष्ठित वेन्यू पर कोई भी मैच आयोजित नहीं होने की संभावना है।
चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं होंगे मैच (फोटो- BCCI/AP)
चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैचों पर रोक का कारण
मीडिया रिपोर्ट्स (टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट सहित) के मुताबिक, RCB आईपीएल 2026 के अपने सभी 'होम' मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) स्टेडियम में खेल सकती है। इसका मुख्य कारण यह है कि इसी साल जून में RCB की जीत की परेड के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई दुखद भगदड़ के बाद स्टेडियम को किसी भी बड़े इवेंट की मेजबानी के लिए असुरक्षित घोषित कर दिया गया है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कई मासूम लोगों की जान चली गई थी।
पुणे को वेन्यू बनाने पर चल रही है चर्चा
महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के सचिव कमलेश पाई ने इस संभावित बदलाव की पुष्टि करते हुए कहा कि चर्चा चल रही है, लेकिन अभी यह अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है।उन्होंने प्रकाशन को बताया, "यह व्यवस्था (पुणे में RCB के मैचों की मेजबानी) चर्चा में है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। कर्नाटक में उन्हें समस्या है, क्योंकि वहाँ भगदड़ हुई थी। इसलिए, वे एक वेन्यू की तलाश कर रहे हैं और हमने उन्हें अपना स्टेडियम ऑफर किया है। यह शुरुआती चर्चाएँ हैं और कुछ तकनीकी बातें हैं जिन्हें सुलझाना बाकी है। अगर सब कुछ सही रहा, तो शायद हाँ, पुणे ही मैचों की मेजबानी करेगा।"
पहली बार RCB खेलेगी सभी 'होम' मैच बाहर
अगर यह निर्णय अंतिम रूप ले लेता है, तो आईपीएल के 18 सीजन के इतिहास में यह पहली बार होगा जब RCB अपने सभी 'होम' मैच पूरी तरह से किसी दूसरे वेन्यू पर खेलेगी, जबकि अन्य टीमें अपने पारंपरिक घरेलू मैदानों पर खेलेंगी।
