स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऋषभ पंत विकेटकीपिंग के दौरान अपनी अतरंगी और सतरंगी हरकतों के लिए वर्ल्ड फेसम हैं। उनकी इन्हीं हरकतों की वजह से भारत के महान टेस्ट क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा को चिढ़ होती थी। चेतेश्वर पुजारा ने इस बात को स्वीकार करते हुए इससे जुड़ा एक मजेदार किस्सा सुनाया है। उन्होंने बताया कि पंत की लगातार चुटकुलेबाजी से परेशान हो गए थे।
पंत से चिढ़ते थे चेतेश्वर पुजारा। फोटो- BCCI
पुजारा ने कहा कि जब गेंदबाज विकेट लेने के लिए संघर्ष कर रहे होते हैं तो मैदान पर कुछ मजेदार पल होना हमेशा मददगार होता है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि कई बार वे इससे चिढ़ जाते हैं और ध्यान केंद्रित करना मुश्किल हो जाता है। इसके बाद पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने एक किस्सा सुनाया कि कैसे एक बार उन्होंने पंत को चुप रहने और उन्हें ध्यान केंद्रित करने देने के लिए कहा था।
'कभी-कभी मुझे गुस्सा भी आता'
पुजारा ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर कहा, यह बहुत मजेदार होता है। अगर मैच में कुछ खास नहीं चल रहा हो, कोई बड़ी साझेदारी चल रही हो और ऋषभ पंत आस-पास हों, तो हंसी-मजाक और मजेदार पल देखने को मिलते हैं। लेकिन कभी-कभी मुझे गुस्सा भी आता था। मैं बिल्कुल सच कहूंगा। जब गेंद नई होती थी, मैं फर्स्ट स्लिप पर खड़ा होता था। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी गेंदबाजी कर रहे होते थे।
'वो बहुत ही अच्छे इंसान'
पूजी ने आगे कहा, अगर गेंद बल्ले से लगकर निकल जाए और मुझे उसे पकड़ना हो, तो बहुत कम समय बचता है। और वो लगातार बातें करता रहता है और मुझसे सवाल पूछता रहता है, क्योंकि उसे खेल में मग्न रहना पसंद है। मैं ध्यान केंद्रित करना चाहता हूं, लेकिन वो मुझे चिढ़ाता रहता है। इसलिए मुझे उससे कहना पड़ा, 'प्लीज मुझे फोकस करने दो।' अगर आपको बात करनी है, तो आप दूसरे खिलाड़ियों से कर सकते हैं। वैसे वो बहुत ही अच्छे इंसान हैं।
पंत के अर्धशतक को सराहा
श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के चौथे दिन पंत ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 66 रनों की पारी खेली और भारत को श्रीलंका के सामने 372 रनों का लक्ष्य रखने में मदद की। वह टेस्ट में 100 छक्के लगाने वाले पहले एशियाई और कुल मिलाकर चौथे खिलाड़ी भी बने। पंत की शानदार बल्लेबाजी देख पुजारा ने उनकी तारीफ की। पुजारा ने कहा कि टेस्ट में यह बल्लेबाज एक अलग ही स्तर का है।
