Champions Trophy Semi Final Scenario: साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाने वाला चैंपियंस ट्रॉफी का 7वां मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। बारिश के कारण इस मैच में टॉस भी नहीं हो पाया। मैच के रद्द होने के बाद दोनों टीमों को 1-1 प्वाइंट से संतोष करना पड़ा और अब सेमीफाइनल की रेस रोमांचक हो गई है। इस मैच के रद्द होने के बाद प्वाइंट्स टेबल में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के 3-3 अंक हो गए हैं, लेकिन बेहतन नेट रन रेट के कारण साउथ अफ्रीका फिलहाल टॉप पर बनी हुई है।
साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया (साभार-Proteas Men -X)
वर्चुअल नॉकआउट बना ENG vs AFG मैच
इस मैच के रद्द हो जाने के बाद अब बुधवार को इंग्लैंड और अफगानिस्तान के बीच होने वाले मैच की प्रमाणिकता बढ़ गई है। अब यह मुकाबला वर्चुअल नॉकआउट बन गया है जिसमें हारने वाली टीम का सफर चैंपियंस ट्रॉफी में खत्म हो जाएगा। यह मुकाबला लाहौर के गद्दाफी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां आज बारिश हो रही है।
इंग्लैंड कैसे पहुंचेगा सेमीफाइनल
अब इंग्लैंड के पास भी चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका है। इंग्लैंड को अभी दो मैच खेलने हैं। पहला मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ है जबकि दूसरा मुकाबला उसे साउथ अफ्रीका से खेलना है। दोनों मैच में जीत दर्ज कर इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंच सकती है।
अफगानिस्तान कैसे पहुंचेगा सेमीफाइनल
अफगानिस्तान के पास भी सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका है। उसे इसके लिए इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया को हराना पड़ेगा। यदि अफगानिस्तान ऐसा करने में कामयाब हो जाती है तो वह पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंच सकती है।
साउथ अफ्रीका के लिए सेमीफाइनल की राह
साउथ अफ्रीका फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है और अगर उसे सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करनी है तो बस आखिरी लीग मुकाबला जीतना होगा। साउथ अफ्रीका का आखिरी मुकाबला 1 मार्च को इंग्लैंड से होगा। अगर साउथ अफ्रीका यह मुकाबला नहीं भी जीत पाती है तब भी वह सेमीफाइनल में पहुंच सकता है, उसके लिए इंग्लैंड को अफागानिस्तान के खिलाफ हारना होगा।
सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगा ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया भी सेमीफाइनल में पहुंच सकती है। इसके लिए उसे अपना आखिरी मुकाबला जीतना होगा। ऑस्ट्रेलिया फिलहाल 3 प्वाइंट के साथ दूसरे पायदान पर है। ऑस्ट्रेलिया का आखिरी लीग मुकाबला 28 फरवरी को अफगानिस्तान के खिलाफ होगा। इस मुकाबले को जीत कर वह सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर सकता है। अगर ऑस्ट्रेलिया यह मुकाबला हार जाता है तो वह दुआ करेगा कि साउथ अफ्रीका अपना आखिरी मुकाबला जीत ले। ग्रुप ए से पहले ही न्यूजीलैंड और टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
