मुंबई: अजीत आगरकर की अध्यक्षता वाली बीसीसीआई की सीनियर सिलेक्शन कमिटी सोमवार 9 सितंबर, 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान करेगी। 19 सितंबर से शुरू होने जा रही टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 19 से 23 सितंबर के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में तो दूसरा 27 सितंबर से 1 अक्तूबर के बीच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।
ऋषभ पंत(साभार BCCI Domestic)
पंत की होगी 21 महीने बाद वापसी
दलीप ट्रॉफी में इंडिया बी ओर से खेलते हुए इंडिया ए के खिलाफ पहली पारी में 7 और दूसरी पारी में 47 गेंद में 61 रन की आतिशी पारी खेलने वाले ऋषभ पंत की टेस्ट टीम में वापसी तकरीबन पक्की हो गई है। 21 महीने बाद पंत बांग्लादेश के खिलाफ खेलते नजर आएंगे। पंत ने चोटिल होने से पहले आखिरी टेस्ट दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ ही खेला था। उस मैच में पंत ने 93(104) रन की आतिशी पारी खेली थी।
बांग्लादेश को हलके में नहीं लेगी टीम इंडिया
चयनकर्ता टीम इंडिया का बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से पहले टीम का चयन करने से पहले उसके पाकिस्तान दौरे पर प्रदर्शन को जरूर ध्यान में रखेंगे। टीम इंडिया भी सीरीज में नजमुल हुसेन शांतो की कप्तानी वाली टीम को कतई हलके में नहीं लेगी। ऐसे में मजबूत टीम ही चुनी जाने की संभावना है।
आकाशदीप को मिलेगा मौका, मुशीर को करना होगा इंतजार
टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ियों के साथ सरफराज खान टीम में जगह बनाए रखने में सफल रहेंगे। उनके भाई मुशीर खान को फिलहाल टीम में एंट्री के लिए इंतजार करना होगा। चेन्नई के स्पिन विकेट पर खेले जाने वाले पहले टेस्ट के लिए साई किशोर को टीम में चुना जा सकता है। इसके अलावा रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल टीम में होंगे। तेज गेंदबाजी के लिए मोहम्मद सिराज, आकाशदीप, मुकेश कुमार को चुना जा सकता है। बुमराह को आराम दिया जा सकता है। वहीं शमी की रणजी ट्रॉफी मुकाबला खेलने के बाद ही टीम में एंट्री की संभावना है। आकाशदीप को दलीप ट्रॉफी में 9 विकेट चटकाने का इनाम फिर से मिल सकता है।
