क्रिकेट

BCCI ने IPL खिलाड़ियों के खिलाफ उठाया कड़ा कदम, रील्स बनाने और 'मौज-मस्ती' पर रोक

IPL 2026: बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट (ACU) ने खिलाड़ियों और टीम स्टाफ को चेतावनी दी है कि होटल के कमरों में अनजान लोगों को बुलाना खतरे भरा हो सकता है।

Image

बीसीसीई

IPL 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने आईपीएल खिलाड़ियों और टीमों के लिए नए और सख्त नियम बनाए हैं। इसकी वजह कुछ खिलाड़ियों का सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के साथ ज्यादा समय बिताना, प्रतिबंधित जगहों पर वीडियो बनाना और बिना इजाजत घूमना है। बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट (ACU) ने खिलाड़ियों और टीम स्टाफ को चेतावनी दी है कि होटल के कमरों में अनजान लोगों को बुलाना खतरे भरा हो सकता है। बोर्ड को डर है कि इससे 'हनी ट्रैप' जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए अब खिलाड़ियों को अपनी हर गतिविधि की जानकारी सुरक्षा अधिकारियों को देनी होगी और होटल में मेहमान बुलाने पर भी सख्ती की गई है।

रील्स बनाने में लगे रहते हैं कई खिलाड़ी

रिपोर्ट के अनुसार, कुछ युवा खिलाड़ी सोशल मीडिया के लिए वीडियो और रील्स बनाने में इंफ्लुएंसर्स और ब्लॉगर्स की मदद ले रहे थे। एक मामले में एक खिलाड़ी ने कंटेंट बनाने वाली टीम के सदस्य से अपने निजी सोशल मीडिया के लिए वीडियो और फोटो शूट करवाया। बाद में उस व्यक्ति ने टीम प्रैक्टिस, मैदान और होटल के कुछ वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डाल दिए, जिससे मामला बढ़ गया। एक फ्रेंचाइजी अधिकारी ने कहा कि सभी टीमों को बीसीसीआई के नए नियम मानने के निर्देश दिए गए हैं।

खिलाड़ी स्टारडम का उठाते हैं गलत फायदा?

अधिकारी ने बताया कि आजकल युवा खिलाड़ी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं, इसलिए उन्हें सुरक्षा और नियमों की अहमियत समझाना जरूरी है। इसी कारण कई टीमें अब कंटेंट बनाने वाले लोगों की संख्या कम कर रही हैं। बीसीसीआई की चिंता तब और बढ़ गई जब एक खिलाड़ी देर रात अपने होटल के कमरे में कुछ लोगों को बुलाता पाया गया। एसीयू ने इस मामले में टीम मैनेजर से जवाब मांगा, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं था। पूर्व टीम मैनेजरों का कहना है कि कई बार बड़े खिलाड़ी अपने स्टारडम की वजह से नियमों को गंभीरता से नहीं लेते। आईपीएल में बतौर टीम मैनेजर लंबे समय तक काम कर चुके एक पूर्व अधिकारी ने कहा, 'कई बार खिलाड़ी अपने कद का फायदा उठाकर नियमों को ताक पर रख देते हैं। एक बार मैने एक खिलाड़ी से कहा था कि दोस्तों से लॉबी रेस्त्रां में मिले, अपने कमरे में नहीं। इस पर उसने कहा कि आप चिंता मत करो, मैं बोर्ड अधिकारियों से बोल दूंगा, अगर वे पूछेंगे तो।'

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article