नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में फिलहाल टीम की संख्या 10 से बढ़ा कर 12 करने की किसी भी संभावना से इनकार करते हुए कहा कि ऐसे प्रस्ताव पर बोर्ड के भीतर अनौपचारिक स्तर पर भी कोई चर्चा नहीं हुई है। सैकिया ने कहा कि वैश्विक क्रिकेट बाजार में आईपीएल को लेकर बढ़ती दिलचस्पी के बावजूद फिलहाल इसके विस्तार की कोई योजना नहीं है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया (फाइल फोटो)
नहीं हुई है टीमों की संख्या बढ़ाने को लेकर कोई चर्चा
सैकिया ने पीटीआई से कहा,'2028 में आईपीएल को 12 टीम का टूर्नामेंट बनाने की संभावना पर हमने औपचारिक या अनौपचारिक तौर पर कोई चर्चा की है। फिलहाल यह हमारे विचाराधीन नहीं है। हमारा ध्यान फिलहाल 2027 में होने वाले आईपीएल पर है जो इसका 20वां सत्र होगा। यह एक बड़ा आयोजन होगा। हम इसी की तैयारियों के बारे में सोच रहे हैं और इसके आगे की किसी योजना पर विचार नहीं कर रहे हैं।'
कपोल कल्पनाएं हैं मीडिया में चल रही खबरें
आईपीएल में टीम संख्या बढ़ाए जाने को लेकर मीडिया में चल रही खबरों को भी उन्होंने निराधार अटकलें करार देते हुए स्पष्ट किया,'मीडिया में जो खबरें चल रही हैं, वे कुछ लोगों की कल्पनाशीलता से उपजी अटकलें हैं। इन पर मुझे कोई टिप्पणी नहीं करनी। इन खबरों की कोई प्रामाणिकता नहीं है।'
2022 में जुड़ी थी लखनऊ और गुजरात की टीम
बीसीसीआई ने आखिरी बार आईपीएल में टीमों की संख्या में इजाफा 2022 के सत्र में किया था। लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटन्स की टीमें लीग से जुड़ी थीं। इन दो टीमों की बिक्री से बीसीसीआई को मोटी आमदनी हुई है। दो टीमों के बढ़ने के बाद आईपीएल की ब्रैंड वैल्यू में भी बड़ा इजाफा हुआ था। ऐसे में बीसीसीआई अफरा तफरी या जल्दबाजी में ऐसा कोई कदम नहीं उठाएगा जिससे कि उसे किसी तरह का कोई आर्थिक नुकसान हो या आईपीएल की साख कम हो।
