इंग्लैंड लायंस के खिलाफ इंडिया ए का मैच ड्रॉ के साथ खत्म हुआ, लेकिन इस मुकाबले में मुकेश कुमार ने खूब सुर्खियां बटोरी। यह तेज गेंदबाज अपनी गेंदबाजी के कारण नहीं बल्कि किसी अन्य कारण से सुर्खियों में थे। दरअसल मुकेश कुमार इस मुकाबले में 18 नंबर की जर्सी पहनकर उतरे थे, फिर क्या था जैसे ही मुकेश की यह तस्वीर सामने आई एक्स पर पोस्ट वायरल हो गया।
मुकेश कुमार और विराट कोहली (साभार-X)
सोशल मीडिया पर कुछ फैंस लिखने लगे कि क्या मुकेश को 18 नंबर की जर्सी दे दी गई है, क्योंकि बीते महीने 12 मई को विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। इसके बाद मुकेश 18 नंबर की जर्सी पहनकर सुर्खियों में आए थे। अब इसको लेकर बीसीसीआई के हवाले से सफाई दी गई है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई से बात करते हुए बताया कि आखिर क्यों मुकेश कुमार ने विराट की नंबर 18 जर्सी पहनी थी।
इसलिए मुकेश ने पहनी थी 18 नंबर की जर्सी
बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि इंडिया ए के लिए कोई फिक्स जर्सी नहीं होती है और न ही इसमें कोई नाम होता है। कोई भी, किसी की भी जर्सी पहन कर उतर सकता है। जर्सी नंबर केवल अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए ही होते हैं। हालांकि, मुकेश कुमार की जर्सी का नंबर 49 है। टेस्ट डेब्यू से मुकेश इसी नंबर की जर्सी पहनते हैं। हालांकि, भारत और इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के लिए मुकेश कुमार टीम इंडिया के स्क्वॉड में नहीं है।
