India vs Bangladesh: BCCI बांग्लादेश के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज को लेकर भारत सरकार से अनुमति लेने की तैयारी कर रहा है। बोर्ड के एक सूत्र के अनुसार, "हम इस मामले पर काम कर रहे हैं। बांग्लादेश दौरे को लेकर हम सरकार से मंजूरी और दिशा-निर्देश मांगेंगे। अभी हम खुद से कोई निर्णय नहीं ले सकते। कोई फैसला नहीं हुआ है, लेकिन हम जल्द ही सरकार के पास इस प्रस्ताव को लेकर जाएंगे।" BCCI के सूत्रों का कहना है कि वे इस पर काम कर रहे हैं और बांग्लादेश दौरे के संबंध में सरकार से मंजूरी और स्पष्टता मांगेंगे।
भारत-बांग्लादेश का दौरा (फोटो साभार- BCCI)
BCB ने भेजा प्रस्ताव
गौरतलब है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने पहले ही BCCI को चिट्ठी लिखकर भारत को दौरे के लिए आमंत्रित किया है। दोनों बोर्डों के बीच इस मुद्दे पर बातचीत भी चल रही है। BCB ने इस सीरीज के लिए 29 अगस्त से 15 सितंबर तक का समय तय किया है। इस दौरान भारत और बांग्लादेश के बीच वनडे और टी20 मैचों की सीरीज होनी है। लेकिन मैचों का पूरा शेड्यूल अभी तय नहीं हुआ है। हालांकि भारत का बांग्लादेश जाना पूरी तरह केंद्र सरकार की मंजूरी पर टिका है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी की उम्र को लेकर ये क्या बोल गए ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज ब्रेट ली
सरकारी क्लीयरेंस के बिना आगे नहीं बढ़ेगा BCCI
बता दें कि सुरक्षा और विदेश नीति को ध्यान में रखते हुए BCCI बांग्लादेश दौरे को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता। सूत्रों का कहना है कि बोर्ड सभी नियमों का पालन करेगा और सरकार जो भी निर्देश देगी उसी के हिसाब से आगे बढ़ेगा। अगर सरकार हरी झंडी देती है तो ये इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद टीम इंडिया का पहला व्हाइट बाल दौरा होगा। दूसरी तरफ बांग्लादेश के लिए भारत की टीम की मेजबानी करना बहुत बड़ा मौका है। BCB चाहता है कि इस विंडो में भारतीय टीम फुल स्ट्रेंथ के साथ ढाका का दौरा करे। हालांकि अभी कुछ तय नहीं है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद ही BCCI दौरे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा करेगा।
