स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिला। India ODI Squad: इंग्लैंड दौरे के लिए BCCI रविवार, 21 जून को 15 सदस्यीय भारतीय वनडे टीम का ऐलान कर दिया है। चोट के चलते अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए विराट कोहली की वापसी हुई है। हालांकि, उनका खेलना उनकी फिटनेस टेस्ट पर निर्भर करेगा। चौंकाने वाली बात यह है कि तीसरे वनडे में नाबाद शतकीय पारी खेलने वाले यशस्वी जायसवाल को वनडे टीम में जगह नहीं मिली है।
इंग्लैंड दौरे के लिए यशस्वी जायसवाल को टीम में नहीं मिली जगह। फोटो- BCCI
भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर पांच टी20 के साथ तीन वनडे मैच की सीरीज खेलेगी। टी20 टीम का ऐलान पहले ही किया जा चुका था। वनडे टीम का ऐलान होना बाकी था। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने वाले अधिकतर खिलाड़ी इंग्लैंड दौरे पर जाएंगे। अफगानिस्तान के खिलाफ उम्दा गेंदबाजी करने वाले गुरनूर बरार को इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है।
यशस्वी जायसवाल की अनदेखी
हैरानी की बात है कि पिछले तीन वनडे मैच में दो शतक जमाने वाले यशस्वी जायसवाल की एक बार फिर अनदेखी हुई है। यशस्वी जायसवाल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 121 गेंद पर नाबाद 116 रन की पारी खेली थी। वहीं, अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 4 और तीसरे वनडे मैच में 86 गेंद पर नाबाद 110 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर अपनी दावेदारी पेश की थी। हालांकि, उन्हें टीम में जगह नहीं मिली।
लगभग तीन साल बाद बुमराह की वापसी
इसके अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की 19 नवंबर 2023 के बाद वनडे टीम में वापसी हुई है। साल 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान वह पीठ में लगी चोट से रिकवरी कर रहे थे। इसके चलते उन्हें बाहर रहना पड़ा। अब 2027 वनडे वर्ल्ड कप अभियान की योजना के तहत जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी हुई है। तेज गेंदबाजी में बुमराह का साथ देने के लिए प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा और गुरनूर बरार को चुना गया है।
वनडे सीरीज का कार्यक्रम
- पहला वनडे- 14 जुलाई
- दूसरा वनडे- 16 जुलाई
- तीसरा वनडे- 19 जुलाई
इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम-
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा और गुरनूर बरार।
