तंजीद हसन के रिकॉर्ड पांच कैच और नाबाद 55 रन की बदौलत बांग्लादेश ने तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में आयरलैंड को आठ विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही उसने 3 मैच की टी20 सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया। आयरलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए एक गेंद शेष रहते 117 रन पर ढेर हो गई जिसके जवाब में बांग्लादेश ने 13.4 ओवर में केवल दो विकेट पर 119 रन बनाकर जीत दर्ज की। तंजीद इस दौरान किसी टी20 मैच में पूर्ण टेस्ट सदस्य की ओर से पांच कैच लेने वाले पहले क्रिकेटर बने। उन्होंने आयरलैंड के अंतिम पांच बल्लेबाजों से कैच पकड़े। इनमें से चार कैच उन्होंने लॉन्ग ऑन पर पकड़े।
बांग्लादेश और आयरलैंड (साभार-BAN Cricket)
बांग्लादेश ने लक्ष्य का पीछा करते हुए सैफ हसन (19) और कप्तान लिटन दास (07) के विकेट जल्दी गंवा दिए लेकिन तंजीद और परवेज हुसैन (नाबाद 33) ने तीसरे विकेट के लिए 50 गेंद में 73 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को जीत दिला दी। इससे पहले आयरलैंड की ओर से सलामी बल्लेबाज और कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने सर्वाधिक 38 रन बनाए। उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाया। बांग्लादेश की तरफ से मुस्ताफिजुर रहमान (11 रन पर तीन विकेट) और रिषाद हुसैन (21 रन पर तीन विकेट) ने तीन-तीन जबकि शोरिफुल इस्लाम ने दो विकेट चटकाए।
यह इस सीरीज में बांग्लादेश की लगातार दूसरी जीत थी। इससे पहले आयरलैंड ने बांग्लादेश को चौंकाते हुए पहला मुकाबला अपने नाम कर लिया था। उस मुकाबले में बांग्लादेश को 39 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने वापसी करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की और सीरीज में बराबरी कर ली थी।
