डार्विन (ऑस्ट्रेलिया): ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को बांग्लादेश के खिलाफ दो मैच की घरेलू टेस्ट सीरीज के डार्विन में खेले गए पहले मुकाबले में 9 विकेट के अंतर से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलियाई टीम मैच की पहली पारी में 198 रन पर ढेर हो गई और 228 रन से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में 284 रन बना सकी। इसके बाद जीत के लिए मिले 57 रन के लक्ष्य को बांग्लादेश ने एक विकेट खोकर हासिल करके इतिहास रच दिया।
मार्नस लाबुशेन और जैक वेदरल्ड (फोटो क्रेडिट AP and AI Generated)
टीम से बाहर होने की कगार पर हैं लाबुशेन और वेदरल्ड
बांग्लादेश के खिलाफ करारी हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम कड़ी आलोचना हो रही है। सलामी बल्लेबाज जैक वेदरल्ड और मार्नस लाबुशेन जैसे बल्लेबाजों को टीम के बाहर करने की भी मांग उठने लगी है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व चयनकर्ता मार्क वॉ ने कहा है कि वेदरल्ड और मार्नस लाबुशेन को दूसरे टेस्ट के लिए टीम में रखने या नहीं रखने का फैसला फिफ्टी-फिफ्टी का है। अगर उन्हें मौका मिलता है तो ये उनके टेस्ट करियर का आखिरी टेस्ट हो सकता है। डार्विन में खेले गए टेस्ट मैच में जैक वेदरल्ड (23, 0) और मार्नस लाबुशेन (1, 31) बुरी तरह नाकाम रहे। टॉप ऑर्डर की विफल होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम वापसी नहीं कर सकी।
सीरीज का दूसरा टेस्ट हो सकता है करियर का आखिरी
मैच के बाद मार्क वॉ ने कहा,'ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में बल्लेबाजी से बेहतर गेंदबाजी की... असल बात बल्लेबाजी की है। टॉप तीन बल्लेबाजों की है। फिलहाल ट्रेविस हेड को छोड़ देते हैं। मुझे नहीं लगता कि वह ओपनर हैं फिर भी वह ओपनिंग करेंगे। बात जैक वेदरल्ड और मार्नस लाबुशेन की है। इन खिलाड़ियों को रन बनाने की जरूरत है। इसमें कोई शक नहीं है। मैं बस यह सोच रहा हूं कि क्या सेलेक्टरों ने इस टेस्ट से पहले उनसे कहा होगा कि तुम्हारे पास टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए तुम्हारे पास ये दो टेस्ट मैच हैं।'
वेदरल्ड की है सबसे ज्यादा चिंता, लाबुशेन को मिल सकता है जीवनदान
वॉ ने कहा कि उन्हें वेदरल्ड की चिंता है,'वेदरल्ड अपनी तकनीक में बदलाव कर रहे हैं। मुझे लगता है कि उनके दिमाग में बहुत कुछ चल रहा है। वह अपने और मार्नस के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं। उन्होंने दूसरी पारी में बेहतर बैटिंग की। लेकिन वह कई बार पहले ही आउट हो सकते थे। मार्नस ने कुछ समय से बड़ी पारी नहीं खेली है। अपने पिछले प्रदर्शन और रिकॉर्ड की वजह से वह अबतक टीम में बने हुए हैं। मुझे लगता है कि बांग्लादेश के खिलाफ दूसरा टेस्ट इनके लिए फिफ्टी फिफ्टी वाला हो सकता है। वेदरल्ड पर सबसे ज्यादा खतरा है मैं मार्नस को एक और मौका दूंगा।
तीन साल से लाबुशेन ने नहीं जड़ा है शतक
मार्नस लाबुशेन का साल 2023 के बाद से प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। साल 2023 में इंग्लैंड दौरे पर एशेज के बाद से कोई टेस्ट शतक नहीं लगाया है और ज्यादातर समय उनका औसत 20 से 25 के बीच रहा है। कुछ ही पारियों में वो अपने रंग में नजर आए हैं। पिछले साल घरेलू एशेज में डेब्यू करने के बाद से वेदरल्ड टॉप ऑर्डर में असरदार नहीं रहे हैं। उन्होंने छह टेस्ट की 12 पारियों में 20.36 की औसत से 224 रन बनाए हैं, जिसमें केवल एक अर्धशतक शामिल है।
दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए उठाए सवाल
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अक्टूबर में साउथ अफ्रीका में होने वाले तीन टेस्ट मैचों के लिए नए खिलाड़ियों को क्यों तैयार नहीं किया गया। उन्होंने कहा,'क्या आप दो गैर अनुभवी खिलाड़ियों को साउथ अफ्रीका भेजेंगे, जो कि एक बहुत बड़ी सीरीज़ है? मेरे लिए यह बहुत बड़ा सवाल है। अगर आपके पास अगले खिलाड़ी तैयार नहीं हैं, तो यह बहुत खराब प्लानिंग है। अगर वेदरल्ड और मार्नस बाहर हुए तो वे वापस नहीं आएंगे।'
