दाम्बुला: बांग्लादेश ने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में अपने गेंदबाजों के बल पर धमाकेदार जीत दर्ज करके सीरीज 1-1 से बराबरी कर ली है। मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 177 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम 15.2 ओवर में 94 रन पर ढेर हो गई और 83 रन से मैच गंवा दिया। 50 गेंद में 76 रन की आतिशी कप्तानी पारी खेलने वाले लिट्टन दास को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
7 रन पर पवेलियन लौटी बांग्लादेश की सलामी जोड़ी
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही। 2 ओवर में 7 रन के स्कोर पर दोनों ओपनर तंजीद हसन और परवेज हुसैन इमोन पवेलियन लौट चुके थे। ऐसे में कप्तान लिट्टन दास और तौहीद हृदोय ने पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर स्कोर को 11 ओवर में 76 रन तक पहुंचाया। 12वें ओवर में ये साझेदारी टूट गई। हृदोय बिनुरा फर्नांडो की गेंद पर कैच दे बैठे। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए मेहदी हसन मिराज को भी फर्नांडो ने उसी ओवर की चौथी गेंद पर कैच कराकर चौथा झटका बांग्लादेश को दे दिया।
लिट्टन दास ने जड़ा कप्तानी अर्धशतक
78 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद बांग्लादेश की टीम बैकफुट में दिख रही थी। ऐसे में कप्तान दास को शमीम हुसैन का साथ मिला दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को 100 और 150 रन के पार पहुंचा दिया। लिट्टन ने इस दौरान अपना अर्धशतक 39 गेंद में एक चौके और तीन छक्के की मदद से पूरा कर लिया। 18 ओवर में बांग्लादेश की टीम 155 रन बना चुकी थी। ऐसे में तेजी से रन बनाने की कोशिश में लिट्टन दास महीष तीक्ष्णा की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 76 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक चौका और पांच छक्के जड़े। दास के पवेलियन लौटने के बाद बांग्लादेश ने दो विकेट और गंवाए लेकिन स्कोर अंत में 7 विकेट पर 171 रन तक पहुंच गया। शमीम हुसैन 48 रन बनाकर आउट हुए। श्रीलंका के लिए बुनुरा फर्नांडो ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। एक-एक सफलता नुवान तुषारा और महीष तीक्ष्णा को मिली।
खराब रही श्रीलंका की शुरुआत, 30 रन पर गंवाए 4 विकेट
जीत के लिए 178 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका ने एक छोर संभाले रखा और दूसरे छोर पर विकेटों की झड़ी लग गई। 30 रन तक पहुंचते पहुंचते 4 विकेट श्रीलंका ने गंवा दिए थे। कुसल मेंडिस(8), कुसल परेरा(0), अविष्का फर्नांडो(2) और कप्तान चरिथ असलंका(5) रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में निसंका को दसुन शनाका का साथ मिला। दोनों ने टीम को 71 रन तक ले गए लेकिन निसंका राशिद हुसैन की गेंद पर गच्चा खाकर स्टंपिंग हो गए। उन्होंने 32(29) रन बनाए।
लगी रही विकेटों की झड़ी
71 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका की टीम लगातार विकेट गंवाती रही। 73 के स्कोर पर शनाका भी मेहदी हसन की गेंद पर कैच दे बैठे। 15.2 ओवर में श्रीलंका की टीम 94 रन पर ढेर हो गई। बांग्लादेश के लिए सबसे सफल गेंदबाज लेग स्पिनर राशिद हुसैन रहे। उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा शरीफुल इस्लाम और मोहम्मद सैफुद्दीन ने 2-2 विकेट चटकाए। एक-एक सफलता मुस्तफिजुर रहमान और मेहदी हसन मिराज के खाते में गए। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 16 जुलाई को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा।
