BAN vs NZ Highlights: बांग्लादेश ने 3 मैच की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। चटगांव में खेले गए पहले टी20 रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हरा दिया। बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 183 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने 4 विकेट खोकर 12 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। इस जीत के हीरो रहे तौहिद ह्रदोय और शमीम हुसैन जिन्होंने 5वें विकेट के लिए 21 गेंद में नाबाद 49 रन की साझेदारी की। ह्रदोय 27 गेंद में 51 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके अलावा शमीम 13 गेंद में 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 31 रन बनाकर नाबाद लौटे। इन दोनों के अलावा कप्तान लिटन दास ने 21 और मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज परवेज हुसैन इमोन ने 28 रन की अहम पारी खेली। न्यूजीलैंड की ओर से ईश सोढ़ी ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए।
बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड (साभार-X)
बांग्लादेश ने जीता था टॉस
इससे पहले बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने टॉस जीता और न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। कीवी बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी की और बोर्ड पर 6 विकेट के नुकसान पर 182 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर लगा दिए। न्यूजीलैंड की ओर से दो अर्धशतक लगे। सलामी बल्लेबाज केटेन क्लार्क ने 51 और फिर बाद में डेन क्लीवर ने 51 रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 50 गेंद में 88 रन की साझेदारी की। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में उसे पहला झटका लगा। टिम रॉबिन्सन गोल्डन डक का शिकार हुए। न्यूजीलैंड के कप्तान निक कैली ने 27 गेंद मं आकर्षक 39 रन की पारी खेली। आखिर में जोश क्लार्कसन ने 14 गेंद में 27 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली और अपनी टीम को 180 रन के पार पहुंचा दिया। बांग्लादेश की ओर से रिशाद हुसैन ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने 3 मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। बांग्लादेश पहले ही 3 मैच की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर चुका है।
