ढाका:
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने साल 2027 में आयोजित होने वाले आईसीसी वनडे विश्व कप की तैयारियों के मद्देनजर वनडे टीम के नए कप्तान के नाम का ऐलान किया है। अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास को वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है वो मेहदी हसन मिराज की जगह लेंगे। मिराज जून 2025 से वनडे टीम की कमान संभाल रहे थे लेकिन जिंबाब्वे के खिलाफ इसी महीने तीन मैच की सीरीज में 1-2 के अंतर से हार के बाद उन्हें कप्तानी से हटाने का निर्णय लिया गया। मेहदी हसन मिराज की कप्तानी में बांग्लादेश को खेले 20 वनडे मैच में से 10 में जीत मिली और 9 में उसे हार का सामना करना पड़ा।लिटन दास (फोटो क्रेडिट AI Generated)
वनडे टीम के रह चुके हैं कार्यवाहक कप्तान
लिटन दास पहले से ही बांग्लादेश की टी20 टीम की कमान संभला रहे हैं और अब वनडे टीम की कमान भी उनके हाथों में आ गई है। वो वनडे टीम की कमान कार्यवाहक कप्तान के रूप में संभाल चुके हैं। इस दौरान 7 मैच में से 3 में बांग्लादेश को जीत मिली थी। कुल मिलाकर सीमित ओवरों के फॉर्मेट में बांग्लादेश का एक कप्तान हो चुका है।
ऐसा रहा है टी20 कप्तानी में प्रदर्शन
लिटन दास की कप्तानी में बांग्लादेश का टी20 में प्रदर्शन अच्छा रहा है। उनकी कप्तानी में खेले 31 मैच में से बांग्लादेश को 16 में जीत और 14 मैच में हार मिली है। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। उनके कार्यकाल में वेस्टइंडीज के खिलाफ बांग्लादेश की टीम का ऐतिहासिक क्लीन स्वीप भी शामिल रहा है।
शानदार रहा है वनडे करियर
31 वर्षीय लिटन दास का वनडे क्रिकेट में प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने अबतक खेले 104 मैच की 103 पारी में उन्होंने 30.84 के औसत से 2869 रन बनाए हैं जिसमें 5 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। 176 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
(डेवलपिंग स्टोरी)
