AUS vs WI: दूसरे टेस्ट के दूसरे ही दिन बैकफुट पर आया वेस्टइंडीज, दोहरे शतक से चूके लाबुशेन-हेड

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 9, 2022, 08:29 PM IST

वेस्टइंडीज की टीम का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच के दूसरे ही दिन हाल बेहाल हो गया है। फॉलोऑन बचाने के लिए विंडीज को 210 रन और बनाने हैं।

एडिलेड: ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच एडिलेड में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे और डे-नाइट टेस्ट के दूसरे ही दिन वेस्टइंडीज की टीम बैकफुट पर नजर आ ने लगी है। एडिलेड टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने मार्नस लाबुशेन की 163 और ट्रेविस हेड की 175 रन की पारियों की बदौलत 7 विकेट पर 511 रन पर घोषित कर दी। इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक 102 के स्कोर पर विंडीज के 4 विकेट चटकाकार उसे बैकफुट पर धकेल दिया। विंडीज की टीम पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम से 409 रन पीछे है। उसे फॉलोऑन से बचने के लिए 210 रन और बनाने हैं।

Australia-Cricket-team

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम(AP)

लाबुशेन हेड के बीच हुई 297 रन की साझेदारी

दूसरे दिन 330 रन पर 3 विकेट से आगे खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया की पारी को शतकवीर मार्नस लाबूशेन(120*) और ट्रेविस हेड(114*) ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने स्कोर को 4 विकेट पर 428 रन तक पहुंचाया। दोनों के बीच 297 रन की साझेदारी हुई। डेवोन थॉमस ने लाबुशेन को विकेट के पीछे कैच कराकर विंडीज को चौथी सफलता दिलाई। लाबुशेन 163 रन बनाकर आउट हुए।

दोहरे शतक से चूके लाबुशेन और हेड

लाबुशेन के कुछ देर बाद ट्रेविस हेड भी 175 रन पर रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। इन दोनों खिलाड़ियों के आउट होने के बाद एलेक्स केरी ने नाबाद 41 रन की पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को 500 रन के पार पहुंचा दिया। ऐसे में 511/7 के स्कोर पर स्टीव स्मिथ ने पारी समाप्ति का ऐलान कर दिया। विंडीज के लिए अल्जारी जोसेफ और डेवोन थॉमस ने 2-2 विकेट लिए। वहीं एक-एक सफलता जेसन होल्डर और क्रेग ब्रेथवेट के हाथ लगी।

खराब रही विंडीज की शरुआत, 50 रन पर गंवाए 3 विकेट

ऑस्ट्रेलिया के पारी समाप्ति की घोषणा के बाद बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 35 के स्कोर पर कप्तान क्रेग बेथवेट माइकल नसेर की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। उन्होंने 19 रन बनाए। इसके बाद नसेर ने जल्दी ही शामराह ब्रूक्स (8) को भी कैरी के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेज दिया। जल्दी ही नाथन लॉयन ने जर्मेन ब्लैकवुड का कैच फॉलोथ्रू में लपक लिया। वो 3 रन बना सके। 50 के स्कोर पर विंडीज ने 3 विकेट गंवा दिए।

चंद्रपाल फिर बने संकट मोचक

विंडीज की पारी का एक छोर चंद्रपॉल थामे रहे। लेकिन दूसरे छोर पर विकेटों के गिरने का सिलसिला नहीं थमा। कैमरून ग्रीन ने डेवोन थॉमस को बोल्ड करके ऑस्ट्रेलिया को चौथी सफलता दिला दी। थॉमस ने 19(37) रन बनाए। उनके आउट होते ही स्कोर 90 रन पर 4 विकेट हो गया। इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक विंडीज का स्कोर 4 विकेट पर 102 रन हो गया। अपना दूसरा टेस्ट खेल रहे तेगनरेन चंद्रपॉल 47 रन और एंडरसन फिलिप 1 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे।

End of Feed