नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच केयर्न्स में शनिवार को टी20 सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला खेला जाना है, जिसे जीतने वाली टीम सीरीज अपने नाम कर लेगी। सीरीज के शुरुआती दोनों मैच डार्विन में खेले गए थे। ऑस्ट्रेलिया ने पहले मैच को 17 रन से जीता, जिसके बाद साउथ अफ्रीका ने दूसरा मुकाबला 53 रन से अपने नाम किया। दोनों टीमें फिलहाल तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-1 से बराबरी पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका तीसरा टी20 मैच प्रीव्यू(फोटो क्रेडिट TNN)
मिचेल ओवन हुए निर्णायक मैच से बाहर
ऑस्ट्रेलिया को सीरीज के निर्णायक मुकाबले से पहले झटका लगा है। मिचेल ओवेन इस मैच में नहीं खेल सकेंगे। बल्लेबाजी के दौरान उनके हेलमेट पर गेंद लगी थी। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को बल्लेबाजी में टिम डेविड और कैमरून ग्रीन से उम्मीदें होंगी, जबकि गेंदबाजी में एडम जांपा और बेन ड्वारशुइस विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेवाल्ड ब्रेविस और रासी वान डर डुसेन टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने की काबिलियत रखते हैं, जबकि गेंदबाजी में क्वेना मफाका और जॉर्ज लिंडे विपक्षी टीम के लिए घातक साबित हो सकते हैं।
ऐसी रही है दोनों के बीच भिड़ंत
ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका साल 2006 से अब तक कुल 27 टी20 मैचों में आमने-सामने हुई हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी रहा। ऑस्ट्रेलिया ने इस दौरान 18 मैच जीते, जबकि नौ मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा टी20 मैच 16 अगस्त को भारतीय समय के अनुसार दोपहर 2.45 बजे से खेला जाना है। मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी।
