Australia vs New Zealand 3rd T20: ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज समाप्त हो गई है। कंगारुओं ने वर्षा से प्रभावित तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय में रविवार को न्यूजीलैंड को डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत 27 रन से हराकर तीन मैच की श्रृंखला में 3-0 से क्लीन स्वीप किया।
ऑस्ट्रेलिया बनाम न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर ने अपने 100वें टी20 अंतरराष्ट्रीय में बारिश की संभावना को देखते हुए टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।ऑस्ट्रेलिया की पारी में बारिश ने तीन बार व्यवधान डाला और अंतत: 10.4 ओवर में चार विकेट पर 118 रन के स्कोर पर उसकी पारी को खत्म करना पड़ा।
न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी रही पस्त
डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत न्यूजीलैंड को 10 ओवर में 126 रन का लक्ष्य मिला।न्यूजीलैंड की टीम इसके जवाब में स्पेंसर जॉनसन,एडम जंपा, नाथन एलिस और मिशेल स्टार्क की किफायती गेंदबाजी के सामने 10 ओवर में तीन विकेट पर 98 रन ही बना सकी।न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने 24 गेंद में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से सर्वाधिक नाबाद 40 रन बनाए लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड ने 33 जबकि मैथ्यू शॉर्ट ने 27 रन की पारी खेली। शॉर्ट ने 11 गेंद का सामना करते हुए तीन छक्के और एक चौका लगाया।
