क्रिकेट

Asia Cup Trophy Controversy: एशिया कप ट्रॉफी को लेकर मोहसिन नकवी का नया पैंतरा, अब दिया यह निर्देश

Asia Cup Trophy Controversy: एशिया कप ट्रॉफी को लेकर नई खबर सामने आ रही है। अब यह ट्रॉफी एसीसी के दफ्तर में है और पीसीबी अध्यक्ष ने इसको लेकर खास निर्देश दिया है।

Image

एशिया कप ट्रॉफी विवाद (साभार-X)

एशिया कप ट्रॉफी को एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के दुबई स्थित मुख्यालय में बंद कर दिया गया है तथा इस महाद्वीपीय संस्था के प्रमुख मोहसिन नकवी ने निर्देश दिया है कि उनकी मंजूरी के बिना इसे स्थानांतरित या भारत को नहीं सौंपा जाना चाहिए। भारतीय टीम ने एशिया कप जीतने के बाद नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद नकवी इसे अपने साथ ले गए थे और तभी से यह ट्रॉफी एसीसी कार्यालय में है। भारत ने 28 सितंबर को दुबई में एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराया था। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष और अपने देश के गृह मंत्री भी हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है।

नकवी के एक करीबी सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘आज की स्थिति में ट्रॉफी दुबई में एसीसी कार्यालय में है और नकवी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि उनकी मंजूरी और व्यक्तिगत उपस्थिति के बिना इसे किसी को नहीं सौंपा जाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘नकवी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि केवल वही व्यक्तिगत रूप से ट्रॉफी (जब भी ऐसा होगा) भारतीय टीम या बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) को सौंपेंगे।’’

एशिया कप भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के साए में खेला गया। भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाए। इसके अलावा नकवी ने भी सोशल मीडिया पर राजनीतिक बयान दिए। बीसीसीआई ने ट्रॉफी लेकर चले जाने के उनके कृत्य पर कड़ी आपत्ति जताई और अगले महीने आईसीसी की बैठक में इस मुद्दे को उठाने का संकल्प लिया। अटकलें लगाई जा रही हैं कि नक़वी की निंदा करने और उन्हें आईसीसी के निदेशक पद से हटाने के लिए कड़ा कदम उठाया जा सकता है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article