Asia Cup 2023: क्रिकेट के फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। टीम इंडिया का धाकड़ बल्लेबाज केएल राहुल पिछले कुछ समय से टीम से बाहर चल रहे थे। आईपीएल के दौरान वे चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उनको मैदान से बाहर ले जाया गया था। इसके बाद ही वह आईपीएल के बचे मैच से भी बाहर हो गए थे। इसके बाद वे जांघ की सर्जरी के लिए ब्रिटेन गए थे। वहां सफल ऑपरेशन होने के बाद वे अपने देश वापस लौट आए। अब वह बेंगलुरू के राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में रिहेब के लिए पहुंच गए हैं। उनके फैंस अब उम्मीद जताने लगे हैं कि केएल राहुल एशिया कप से पहले ठीक हो जाएंगे और एशिया कप के टीम इंडिया में अपनी जगह भी बना लेंगे। राहुल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ‘होम’ ट्वीट के साथ एनसीए की तस्वीरें पोस्ट कीं।
केएल राहुल फुटबॉल खेलते हुए। (फोटो- केएल राहुल के ट्विटर से)
चोट के कारण WTC Final से भी हटे
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाजों में से एक केएल राहुल का नाम डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए भारतीय टीम शामिल था। लेकिन आईपीएल के दौरान चोटिल होने की वजह से टीम इंडिया की परेशानी बढ़ गई थी। चोट गंभीर होने के कारण उनको टीम से बाहर कर दिया गया था और उनकी जगह विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन को टीम में शामिल किया गया था। हालांकि, इशान को टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला। बता दें कि लंदन के ऐतिहासिक मैदान द ओवल पर खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के खिताबी मुकाबले में भारत को ऑस्ट्रेलिया ने 209 रन से हराया था।
वनडे टीम के महत्वपूर्ण सदस्य हैं राहुल
चोट के कारण लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे केएल राहुल वनडे टीम के महत्वपूर्ण सदस्य हैं। ऋषभ पंत की अनुपस्थिति में टीम को उनकी जरूरत टीम को ज्यादा है, क्योंकि इस साल भारत की मेजबानी में वनडे वर्ल्ड कप होना है। वहीं, पिछले साल दिसंबर में टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत कार एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वे भी तेजी से रिकवर कर रहे हैं। लेकिन उनके वापसी को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
सिर्फ 9 मैच खेल पाए थे राहुल
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल आईपीएल के 16वें सीजन में सिर्फ 9 मैच खेल पाए थे। इसके बाद वे चोटिल होने के कारण आईपीएल से बाहर हो गए थे। उन्होंने 9 मैचों में 113.22 की स्ट्राइक रेट से 274 रन बनाए थे। इसमें दो अर्धशतक शामिल है।
(भाषा इनपुट के साथ)
