लंदन: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे एशेज सीरीज के चौथे दिन लॉर्ड्स का ऐतिहासिक मैदान एक यादगार पल का गवाह बना। मैच के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अपनी दूसरी पारी के 9 विकेट 264 रन पर गंवा दिए थे। माना जा रहा था कि चोट की वजह से नाथन लॉयन बल्लेबाजी करने नहीं उतरेंगे। लेकिन उन्होंने टीम के लिए मैदान पर उतरने का फैसला करके सबको हैरान कर दिया।
बल्लेबाजी के बाद पवेलियन वापस लौटते चोटिल नाथन लॉयन
दर्शकों ने खड़े होकर किया अभिवादन
लॉयन जब बल्लेबाजी करने उतरे तो लॉर्ड्स के मैदान पर मौजूद दर्शकों ने उनके इस दिलेर फैसला लेने के लिए खड़े होकर अभिवादन किया। पवेलियन से बाहर निकलकर जबतक लॉयन बल्लेबाजी के लिए पिच पर नहीं पहुंच गए दर्शक उनके लिए तालियां बजाते रहे।
एक पैर के बल पहुंचे मैदान पर, जड़ा एक चौका
लॉयन एक पैर के बल पर मैदान पर पहुंचे। ताज्जुब की बात है कि एक दिन पहले पिंडली की चोट की वजह से वो बैसाखियों के बल चलते नजर आए थे। उनके मैच से बाहर होने का भी ऐलान अनौपचारिक तौर पर हो गया था। लेकिन जब टीम को जरूरत थी तब लॉयन ने अपना कैरेक्टर दिखाया। उन्होंने दसवें विकेट के लिए 15 रन की साझेदारी की। इस दौरान उन्होंने 13 गेंद में 4 रन बनाए। लॉयन ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की गेंद पर एक चौका भी जड़ा जिसपर दर्शकों ने बहुत तालियां बजाईं।
279 पर ढेर हुआ ऑस्ट्रेलिया, लॉयन ने बनाए 4 रन
पहली पारी में 91 रन की बढ़त हासिल करने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम 279 रन बनाकर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया के दूसरी पारी में आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज लॉयन रहे। उन्हें स्टुअर्ट ब्रॉड ने अपनी गेंद पर कप्तान बेन स्टोक्स के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेजा। अंत में मिचेल स्टार्क 15 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। जीत के लिए चौथी पारी में इंग्लैंड को 371 रन का लक्ष्य मिला।
