मुंबई: लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शुक्रवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियन्स के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टीम के सीजन में सबसे सफल गेंदबाज रहे जसप्रीत बुमराह को टी20 विश्व कप 2024 के मद्देनजर आराम देते हुए टीम में अर्जुन तेंदुलकर को शामिल किया गया। कप्तान हार्दिक ने अर्जुन पर भरोसा जताया और पारी के दूसरे ओवर में ही उनके हाथों में गेंद थमाई। सीजन में पहली बार खेलते हुए अर्जुन ने मार्कस स्टोइनिस के खिलाफ अपने पहले ओवर में कसी हुई गेंदबाजी की और केवल 3 रन दिए। इसके बाद उनका दूसरा ओवर भी अच्छा रहा। अर्जुन ने अपने पहले स्पेल का अंत 2 ओवर में 10 रन रन के साथ किया।
अर्जुन तेंदुलकर(साभार IPL/BCCI)
चोटिल होकर बीच मुकाबले में अर्जुन ने छोड़ा मैदान
लेकिन इसके बाद कप्तान हार्दिक ने उन्हें दूसरी बार गेंद 15वें ओवर में पिच पर पैर जमा चुके निकोलस पूरन और केएल राहुल के सामने थमाई। लेकिन ओवर शुरू करने से पहले ही अर्जुन के पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। फीजियो की मदद के बाद अर्जुन ने गेंदबाजी शुरू की तो पहली दोनों गेंद सटीक यॉर्कर डालने में नाकाम रहे। दोनों ही गेंद फुलटॉस बन गई और दोनों पर पूरन ने छक्का जड़ दिया। इसके बाद अर्जुन गेंदबाजी छोड़ पवेलियन वापस लौट गए। उनके ओवर को नमन धीर ने पूरा किया। इस ओवर में लखनऊ ने कुल 29 रन बटोरे।
22 रन देकर नहीं हासिल कर पाए कोई विकेट
अर्जुन ने 2.2 ओवर में 22 रन दिए और कोई विकेट अपने नाम नहीं कर सके। स्पेल के पहले ओवर में उन्होंने मार्कस स्टोइनिस को एलबीडब्लू आउट कर दिया था लेकिन रिव्यू के बाद तीसरे अंपायर ने फैसला बदल दिया। अर्जुन के आईपीएल करियर का यह छठा मुकाबला था। अर्जुन 6 मैच में 3 विकेट अपने नाम कर सके हैं। ये विकेट उन्होंने 45.33 के औसत और 9.38 की इकोनॉमी के साथ लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 9 रन देकर 1 विकेट रहा है।
