आईपीएल 2026 में लगातार पांच हार के बाद केकेआर को सीजन की पहली जीत मिली। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में केकेआर ने राजस्थान को आखिरी ओवर तक चले मुकाबले में चार विकेट से मात दी। केकेआर के गेंदबाजों ने, खासकर वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन ने उम्दा गेंदबाज करके राजस्थान को 155 रन पर रोक दिया। इसके बाद टॉप ऑर्डर के फेल होने का बाद रिंकू सिंह ने अर्धशतकीय पारी खेलककर टीम को जीत दिलाई।
केकेआर को मिली पहली जी। फोटो- IPL
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पहली गेंद पर ही विकेट गंवाने और फिर 85 के स्कोर तक छह विकेट गंवा देने के बाद केकेआर की ये वापसी बेहतरीन रही। रिंकू और अनुकूल ने 37 गेंदों में 76 रनों की साझेदारी करके मैच को निकाला। जीत के बाद कोलकाता के फैंस खुश थे तो वही टीम के भी चेहरे पर सुकून था। हालांकि, उन्होंने टीम की बड़ी कमजोरी से पर्दा उठाया। रहाणे ने कहा कि बल्लेबाजी के लिहास से सुधार की जरूरत है।
'वाकई बहुत खुशी हो रही'
रहाणे ने कहा, यहां आकर वाकई बहुत खुशी हो रही है। बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। मैच के दौरान कई तरह की भावनाएं उमड़ रही थीं। मैं रिंकू, अनुकूल और वरुण के लिए बहुत खुश हूं। जिस तरह वरुण ने गेंदबाजी की। अनुकूल का घरेलू सीजन भी शानदार रहा था। ज्यादतर प्रैक्टिस सेशन के दौरान हमारी आपस में बातचीत होती रही है। सारा खेल स्थिति को सही तरह से पढ़ने का है। क्रिकेट एक सीधा-सादा खेल है। यह जीत हमें आत्मविश्वास देगी।
'हम अब भी सुधार कर सकते हैं',
रहाणे ने आगे कहा, गेंदबाज अब एक इकाई के रूप में निखर कर आ रहे हैं। बल्लेबाजी के लिहाज से हम अब भी सुधार कर सकते हैं। कार्तिक त्यागी बहुत अच्छे रहे हैं। जब से हमने प्रैक्टिस मैच खेले हैं, वह इस बात को लेकर पूरी तरह साफ रहे हैं कि उन्हें मैदान के बीच में क्या करना है। वह अभी युवा हैं, लेकिन उनका आत्मविश्वास कमाल का है। एक तेज गेंदबाज के रूप में उन्हें यह कॉन्फिडेंस हासिल करते देख बहुत खुशी हो रही है।
टीम और कप्तान की हुई आलोचना
केकेआर के लिए यह सीजन अभी तक किसी बुरे सपने जैसा रहा है। टीम को शुरुआत के पांच मुकाबले में हार झेलनी पड़ी। वहीं, एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठने लगे थे। साथ ही अजिंक्य रहाणे की कप्तानी और उनके स्ट्राइक रेट को लेकर आलोचना की गई। यहां तक कहा कि रहाणे को कप्तानी से और करुण नायर को हेड कोच के पद से हटा देना चाहिए। आलोचना का असर खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर साफ दिख रहा था। मैच के दौरान रिंकू सिंह कई बार झल्लाए। हालांकि, अंत भला तो भला। केकेआर अब यहां से जीत की पटरी पर दौड़ना चाहेगी।
