कार्डिफ: भारत के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के 40वें प्रथम श्रेणी शतक (192 गेंद में 102 रन) की बदौलत लीसेस्टरशर रविवार को काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन दो के मैच में ग्लेमोर्गन के खिलाफ अंतिम दिन हार से बचने के लिए कड़ा संघर्ष कर रही है। रहाणे ने अपनी पारी के दौरान 13 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने साथ ही ऑस्ट्रेलिया के पीटर हैंड्सकॉम्ब के साथ चौथे विकेट के लिए 183 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। हैंड्सकॉम्ब चार दिवसीय मैच के अंतिम दिन लंच तक 94 रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
अजिंक्य रहाणे
रहाणे और हैंड्सकॉम्ब की लीसेस्टरशर की अंतरराष्ट्रीय जोड़ी मैच बचाने के उद्देश्य से डटी रही। इससे पहले ग्लेमोर्गन के कोलिन इंग्राम ने नाबाद 257 रन की करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली जिससे उसने पहली पारी नौ विकेट पर 550 रन के स्कोर पर घोषित की। लंच तक लीसेस्टरशर ने चार विकेट पर 271 रन बना लिये थे। पहली पारी में लीसेस्टरशर की टीम 251 रन पर सिमट गई थी।
एक साल से हैं टीम इंडिया से बाहर
अजिंक्य रहाणे भारतीय टेस्ट टीम से पिछले एक साल से बाहर हैं। पिछले साल जुलाई में वेस्टइंडीज दौरे पर खेलते नजर आए थे। उससे बाद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए नहीं चुना गया था। ऐसे में रहाणे काउंटी क्रिकेट में अपने प्रदर्शन के बल पर टीम में वापसी का रास्ता तलाश रहे हैं। ऐसे में सीजन के दूसरे प्रथम श्रेणी मुकाबले में शतक जड़कर उन्होंने अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।
ऐसा रहा है रहाणे का काउंटी सीजन में प्रदर्शन
मौजूदा सीजन में रहाणे ने काउंटी क्रिकेट में खेले दो प्रथम श्रेणी मैच की 4 पारियों में 40.50 के औसत से 162 रन बना लिए हैं। जिसमें एक शतक शामिल है। जो उन्होंने इसी मुकाबले में जड़ा है। इससे पहले वनडे कप में खेले 10 मैच की 10 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 42 के औसत से 378 रन बनाए जिसमें 4 अर्धशतक शामिल थे। 71 उनका सीजन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
